रोजाना भास्कर (चंडीगढ़/नई दिल्ली/: पंजाब में बाढ़ के बिगड़ते हालात के बीच मुख्यमंत्री भगवंत मान ने आज शाम 4 बजे अपने आवास पर कैबिनेट मीटिंग बुलाई है। इस बैठक में राज्य में चल रहे राहत कार्यों की समीक्षा की जाएगी। मुख्यमंत्री पहले ही पंजाब को आपदा प्रभावित राज्य घोषित कर चुके हैं।
बाढ़ से सबसे ज्यादा प्रभावित अजनाला क्षेत्र का दौरा करने के बाद आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने केंद्र सरकार से मांग की है कि पंजाब को तुरंत राहत पैकेज दिया जाए। उन्होंने कृषि मंत्री के दौरे पर टिप्पणी करते हुए कहा कि अब तक कोई घोषणा नहीं की गई है, जबकि हालात त्वरित फैसलों की मांग कर रहे हैं।
संजय सिंह के साथ मंत्री हरभजन सिंह ईटीओ और विधायक कुलदीप धालीवाल भी मौजूद रहे।
वहीं, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष राजा वडिंग ने अमृतसर में बैठक कर अजनाला के हालात पर चिंता जताई है।
बाढ़ से जुड़ी एक राहत की खबर यह है कि भाखड़ा डैम का जलस्तर मामूली घटकर 1678.66 फीट पर आ गया है, जो कल 1679.05 फीट था। इस पर कैबिनेट मंत्री हरजोत बैंस ने इसे सकारात्मक संकेत बताया, लेकिन कहा कि स्थिति अभी भी नियंत्रण में लाने के लिए सतर्कता जरूरी है।
राज्य सरकार पर राहत कार्यों में तेजी लाने का दबाव लगातार बढ़ रहा है।