पंजाबी सिंगर इंदर कौर की हत्या: गनपॉइंट पर अगवा करने के बाद नहर में मिला शव

लुधियाना/चंडीगढ़, रोजाना भास्कर ब्यूरो: लुधियाना में पंजाबी सिंगर इंदर कौर उर्फ यशइंदर कौर की हत्या से सनसनी फैल गई है। छह दिन पहले गनपॉइंट पर अगवा की गई सिंगर का शव नीलो नहर से बरामद हुआ, जिसकी पहचान परिवार ने की। फिलहाल शव को समराला सिविल अस्पताल में रखा गया है।

मृतका के भाई जोतइंदर सिंह के अनुसार, इंदर कौर 13 मई की रात ग्रोसरी लेने घर से निकली थीं, लेकिन वापस नहीं लौटीं। परिवार का आरोप है कि मोगा निवासी सुखविंदर सिंह उर्फ सुक्खा शादी का दबाव बना रहा था।

शादी से इनकार करने पर उसने साथियों के साथ मिलकर इंदर कौर का अपहरण किया और बाद में उनकी हत्या कर दी।

परिवार ने आरोप लगाया कि वारदात के बाद मुख्य आरोपी कनाडा फरार हो गया। वहीं पुलिस ने पहले ही सुखविंदर सिंह और उसके साथी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया था, लेकिन कार्रवाई में देरी के आरोप भी लग रहे हैं। Balbir Singh ने बताया कि पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।