अमृतसर, रोजाना भास्कर ब्यूरो। पंजाब की पवित्र नगरी अमृतसर से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली सनसनीखेज वारदात सामने आई है। जिस मां ने बेटे को नौ महीने अपनी कोख में रखा और पाल-पोसकर बड़ा किया, उसी कलयुगी बेटे ने बेरहमी से उसकी हत्या कर दी। आरोप है कि बेटे ने तार से गला घोंटकर 65 वर्षीय बुजुर्ग मां को तड़पा-तड़पा कर मौत के घाट उतार दिया।

घटना अमृतसर के ग्रामीण क्षेत्र के गांव मोहना-भंडारियां की है। 14 मार्च को परमजीत कौर अपने निर्माणाधीन मकान में मौजूद थीं। दोपहर में मजदूरों के जाने के बाद वह संदिग्ध हालात में मृत पाई गईं। जांच में सामने आया कि उनका गला दबाकर कत्ल किया गया था, जबकि घर से सोने के गहने भी गायब थे।
एसएसपी देहात सुहैल मीर के अनुसार, पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर हरमनप्रीत सिंह और गुरसेवक सिंह को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान खुलासा हुआ कि मृतका का बेटा सुमनदीप सिंह भी इस साजिश में शामिल था। पुलिस ने उसे भी गिरफ्तार कर लिया है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि सुमनदीप सिंह का अपनी मां के साथ संपत्ति को लेकर विवाद चल रहा था। वह मकान अपने नाम करवाना चाहता था, लेकिन मां के इनकार के बाद उसने साथियों के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल बाइक, सोने के गहने और गला घोंटने में प्रयुक्त तार बरामद कर लिया है। फिलहाल सभी आरोपियों को अदालत में पेश कर रिमांड पर लिया गया है और मामले की गहन जांच जारी है।
#Amritsar #CrimeNews #MotherMurder #PunjabCrime #BreakingNews #PropertyDispute #Justice #ShockingNews














