पुलिस चौकी से 50 कदम दूर युवक की गोलियां मारकर हत्या, एक्टिवा सवार दो युवकों ने वारदात को दिया अंजाम, अमृतसर की घटना

सब्जी लेने घर से निकला था साहिल, सीने में लगी गोली, अस्पताल ले जाते समय हुई मौत, पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी

अमृतसर, रोजाना भास्कर ब्यूरो। इस्लामाबाद थाना क्षेत्र में पुलिस चौकी से महज 50 कदम की दूरी पर वीरवार रात करीब 10:50 बजे एक्टिवा सवार दो युवकों ने 25 वर्षीय साहिल गिल की गोलियां मारकर हत्या कर दी। वारदात के बाद दोनों आरोपी एक्टिवा पर फरार हो गए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।

मृतक की पहचान कोट खालसा निवासी साहिल गिल के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि साहिल के घर से करीब 40 कदम की दूरी पर वारदात हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, एक्टिवा सवार दोनों युवक वहां पहुंचे और साहिल पर कई राउंड फायर किए। इनमें से एक गोली साहिल के सीने में लगी। गोली चलने के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए।

सब्जी लेने निकला था, 10 मिनट बाद मिली गोली लगने की सूचना

साहिल के पिता मुख्तियार सिंह के मुताबिक, उनका बेटा घर से सब्जी लेने के लिए निकला था। करीब 10 मिनट बाद मोहल्ले के लोगों ने घर पहुंचकर बताया कि साहिल को गोली मार दी गई है। परिजन मौके पर पहुंचे तो वह गंभीर हालत में पड़ा था। उसे तत्काल अमनदीप अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

साहिल जॉमेटो में डिलीवरी का काम करता था। करीब दो साल पहले उसकी शादी हुई थी और उसका एक साल का बच्चा है।

इस्लामाबाद थाना पुलिस को सूचना मिलते ही टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। वारदात के पीछे पुरानी रंजिश समेत अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है।