M.S फार्म में आज 12 बजे से 2 बजे तक श्रद्धांजलि सभा एवं रस्म पगड़ी
जालंधर, रोजाना भास्कर न्यूज। पंजाब के खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले मंत्री लाल चंद कटारूचक्क और जल संसाधन, खनन एवं भू-विज्ञान तथा भूमि एवं जल संरक्षण मंत्री बरिंदर कुमार गोयल ने आज कैबिनेट मंत्री महिंदर भगत के निवास पर पहुंचकर उनके पिता और पूर्व मंत्री चुन्नी लाल भगत के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया।

दोनों मंत्रियों ने शोक संतप्त परिवार के साथ संवेदना व्यक्त करते हुए स्वर्गीय चुन्नी लाल भगत को पंजाब की राजनीति की एक विशिष्ट शख्सियत बताया। उन्होंने कहा कि उन्होंने दशकों तक लगन, मेहनत और ईमानदारी के साथ सार्वजनिक जीवन में योगदान दिया और सम्मान हासिल किया। उनके निधन को परिवार के लिए अपूरणीय क्षति बताते हुए मंत्रियों ने महिंदर भगत और पूरे परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं।

चुन्नी लाल भगत के जीवन सफर को याद करते हुए लाल चंद कटारूचक्क और बरिंदर कुमार गोयल ने बताया कि विभाजन के बाद भगत परिवार जालंधर में आकर बसा और सार्वजनिक जीवन में आने से पहले परिवार ने खेल सामान के निर्यात का कारोबार सफलतापूर्वक स्थापित किया।
अपनी मेहनत और लगन के चलते स्वर्गीय चुन्नी लाल भगत पंजाब विधानसभा के डिप्टी स्पीकर बने और इसके बाद कैबिनेट मंत्री के रूप में कई महत्वपूर्ण विभागों की जिम्मेदारी संभालते हुए प्रदेश की सेवा की।
मंत्रियों ने दिवंगत आत्मा की शांति और शोक संतप्त परिवार को भाणा मानने का बल प्रदान करने के लिए अरदास की। उन्होंने कहा कि इस दुख की घड़ी में पंजाब सरकार और समूची लीडरशिप कैबिनेट मंत्री महिंदर भगत एवं उनके परिवार के साथ मजबूती से खड़ी है।
वहीं परिवार की ओर से जारी सूचना के अनुसार श्रद्धांजलि सभा एवं रस्म पगड़ी दोपहर 12 बजे से 2 बजे तक आयोजित होगी। कार्यक्रम का आयोजन M.S फार्म, बस्ती पीर दाद, लेदर कॉम्प्लेक्स रोड, जालंधर में किया जाएगा।
इस मौके पर स्वर्गीय चुन्नी लाल भगत को श्रद्धांजलि अर्पित करने के लिए परिवार, रिश्तेदारों, मित्रों और शुभचिंतकों के पहुंचने की संभावना है।
परिवार की ओर से जारी शोक संदेश में उनके पुत्रों, पुत्रवधुओं, पुत्रियों, दामादों तथा पौत्र-पौत्रियों की और से श्रद्धांजलि सभा में शामिल होने की अपील की गई है। परिवार की ओर से महिंदर भगत, कैबिनेट मंत्री पंजाब सहित समस्त भगत परिवार ने शोक व्यक्त किया है।














