बड़ी कार्रवाई: अंतरराज्यीय अवैध हथियार नेटवर्क का भंडाफोड़, यूपी से दो आरोपी गिरफ्तार

जालंधर, रोजाना भास्कर ब्यूरो। काउंटर इंटेलिजेंस विंग को बड़ी सफलता मिली है। टीम ने अंतरराज्यीय अवैध हथियार सप्लाई मॉड्यूल का पर्दाफाश करते हुए उत्तर प्रदेश से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से 7.65 एमएम के 10 देसी पिस्तौल और 20 मैगजीन बरामद की गई हैं। प्रारंभिक जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपी विदेशी हैंडलर्स के निर्देश पर पंजाब के आपराधिक गिरोहों को हथियार उपलब्ध करा रहे थे।

जांच में यह भी सामने आया है कि इससे पहले बीकेआई (BKI) से जुड़े दो ऑपरेटिव्स को बलाचौर के पास तीन ग्रेनेड और एक आईईडी लगाने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था।

यही आईईडी बाद में हिमाचल प्रदेश के नालागढ़ थाना विस्फोट में इस्तेमाल हुआ था। इसके अलावा आरोपियों की संलिप्तता गढ़शंकर में एक ट्रैवल एजेंट के घर पर रंगदारी के लिए फायरिंग की घटना में भी पाई गई है।

सतत जांच के दौरान खुलासा हुआ कि गिरफ्तार यूपी निवासी आरोपी जर्मनी और अमेरिका में बैठे विदेशी अपराधियों के इशारों पर काम कर रहे थे। प्रारंभिक साक्ष्य विदेशी नेटवर्क से मजबूत कड़ियों की पुष्टि करते हैं, जो पंजाब में आतंकी और आपराधिक गतिविधियों को अंजाम देने की साजिश रच रहे थे।

इस संबंध में थाना एसएसओसी अमृतसर में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए गहन जांच में जुटी है। पंजाब पुलिस ने स्पष्ट किया है कि राज्य में शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

#PunjabPolice #Jalandhar #CounterIntelligence #IllegalWeapons #TerrorNetwork #BKI #CrimeNews #PunjabSecurity #NationalSecurity