भाजपा-अकाली गठबंधन पंजाब की शांति के लिए जरूरी: मनोरंजन कालिया बोले- 2027 का चुनाव मिलकर लड़ेंगे, 8 दिसंबर को मोगा रैली में PM मोदी होंगे शामिल

जालंधर में भाजपा और अकाली दल के नेताओं ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर गठबंधन का किया स्वागत; कुल्फी खाकर मनाई खुशी

जालंधर, रोजाना भास्कर ब्यूरो। पंजाब में भाजपा और शिरोमणि अकाली दल बादल के बीच गठबंधन के आधिकारिक ऐलान के बाद दोनों पार्टियों के नेताओं में खुशी की लहर है। जालंधर सेंट्रल से भाजपा के पूर्व विधायक एवं पूर्व मंत्री मनोरंजन कालिया ने इस गठबंधन का स्वागत करते हुए इसे पंजाब की शांति, भाईचारे और विकास के लिए जरूरी बताया।

इस मौके पर भाजपा के शहरी प्रधान अशोक सरीन हिक्की और शिरोमणि अकाली दल बादल के प्रधान इकबाल सिंह ढींडसा ने एक-दूसरे के गले मिलकर गठबंधन का स्वागत किया और मिठाई खिलाकर खुशी जाहिर की। नेताओं ने कुल्फी खाकर भी गठबंधन का जश्न मनाया।

2027 का विधानसभा चुनाव मिलकर लड़ेंगे दोनों दल

मनोरंजन कालिया ने कहा कि भाजपा और अकाली दल का गठबंधन ऐतिहासिक है। जब-जब दोनों पार्टियां एक साथ आई हैं, पंजाब में अमन-शांति, भाईचारे और विकास को मजबूती मिली है। उन्होंने कहा कि दोनों दल 2027 का विधानसभा चुनाव मिलकर लड़ेंगे।

गौरतलब है कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन और शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने संयुक्त प्रेस वार्ता कर गठबंधन का आधिकारिक ऐलान किया। इस दौरान केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू भी सुखबीर बादल के साथ नजर आए।

कानून-व्यवस्था सुधारना और गैंगस्टरवाद खत्म करना प्राथमिकता

कालिया ने कहा कि गठबंधन की सबसे पहली प्राथमिकता पंजाब की कानून-व्यवस्था को पटरी पर लाना और गैंगस्टरवाद का पूरी तरह सफाया करना होगा। इसके साथ ही राज्य से नशे को खत्म करना भी प्रमुख एजेंडा रहेगा। उन्होंने कहा कि गृह मंत्री अमित शाह अपने पिछले पंजाब दौरे के दौरान नशे के खिलाफ सख्त कार्रवाई का संकल्प पहले ही जता चुके हैं।

8 दिसंबर को मोगा में विशाल रैली, PM मोदी होंगे शामिल

मनोरंजन कालिया ने बताया कि स्वर्गीय प्रकाश सिंह बादल की जयंती के अवसर पर 8 दिसंबर को मोगा में शिरोमणि अकाली दल की ओर से विशाल रैली आयोजित की जाएगी। इस रैली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी विशेष रूप से शामिल होंगे।