भाजपा की नशा विरोधी यात्रा के दौरान पूर्व मंत्री बिट्टू के काफिले पर हमला: बोले- AAP वर्करों ने शीशे तोड़े, घर में शरण ली; नितिन नवीन पठानकोट पहुंचे

पठानकोट, रोजाना भास्कर ब्यूरो। पंजाब में BJP की नशा विरोधी रथ यात्रा शुरू होने से पहले पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री रवनीत बिट्‌टू के काफिले पर हमला हो गया। बिट्‌टू अमृतसर से पठानकोट में यात्रा में शामिल होने के लिए जा रहे थे। बिट्‌टू ने कहा कि बटाला के पास उनके काफिले को घेरा गया। इसके बाद हमला कर गाड़ियों के शीशे तोड़ दिए गए। उन पर टमाटर और अंडे फेंके गए।

पूर्व CM बेअंत सिंह के पोते रवनीत बिट्‌टू को Z+ सिक्योरिटी मिली हुई है। माहौल बिगड़ते देख उनके सुरक्षाकर्मी तुरंत उन्हें एक घर में ले गए। बिट्टू ने आरोप लगाया कि फतेहगढ़ चूड़ियां से AAP के हलका इंचार्ज जोबन रंधावा के समर्थकों ने लंगर की आड़ में उन पर हमला किया है। उन्होंने 3 आरोपियों को भी पकड़ा हुआ है।

वहीं भाजपा की नशा विरोधी यात्रा की शुरूआत पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन करेंगे। इसके लिए वह पठानकोट पहुंच चुके हैं। यह यात्रा 13 दिन में 4 हजार किलोमीटर दूरी तय करते हुए पंजाब की सभी 117 विधानसभा सीटों को कवर करेगी। जालंधर में समापन पर अमित शाह की रैली होगी।