मंडी गोविंदगढ़, रोजाना भास्कर ब्यूरो: संत नगर इलाके में सोमवार देर रात एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया। आरोप है कि एक महिला की हत्या के बाद उसका शव बॉक्स बेड में छिपाकर जुगाड़ू मोटरसाइकिल रिक्शा के जरिए ठिकाने लगाया जा रहा था। लेकिन रास्ते में वाहन का पेट्रोल खत्म होने से पूरा मामला उजागर हो गया।

स्थानीय लोगों को जब बॉक्स बेड पर शक हुआ और उन्होंने अंदर झांककर देखा तो उसमें एक महिला का शव पड़ा मिला। घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई।
सूचना मिलते ही स्थानीय पार्षद और पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल मंडी गोविंदगढ़ की मोर्चरी में भिजवा दिया।
थाना मंडी गोविंदगढ़ के एसएचओ संदीप सिंह और डीएसपी की अगुवाई में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक महिला सहित तीन लोगों को हिरासत में लिया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी है और हत्या के कारणों के साथ-साथ पूरे घटनाक्रम की पड़ताल की जा रही है।














