मेहतपुर मुठभेड़ पर बड़ा खुलासा: पुलिस टीम पर हमले, फायरिंग और हथियार छीनने की कोशिश के आरोप, एसएसपी बोले- जांच जारी 

लवप्रीत उर्फ लब्बा की मौत के बाद पुलिस ने जारी की पूरी रिपोर्ट, कई गंभीर धाराओं में मामला दर्ज

जालंधर, रोजाना भास्कर ब्यूरो। मेहतपुर में पुलिस कार्रवाई के दौरान घायल हुए और बाद में मौत का शिकार बने लवप्रीत सिंह उर्फ लब्बा मामले में जालंधर ग्रामीण पुलिस ने विस्तृत जानकारी जारी की है।

पुलिस के मुताबिक 5 जून की शाम गुप्त सूचना मिली थी कि अटेम्प्ट टू मर्डर समेत कई मामलों में वांछित लवप्रीत अपने गांव बांगीवाल स्थित घर के पास मौजूद है। सूचना के आधार पर एसएचओ अमन सैनी की अगुवाई में पुलिस टीम मौके पर पहुंची।

पुलिस का दावा है कि आरोपी ने पुलिस को देखकर भागने की कोशिश की और उसे पकड़ने के दौरान हाथापाई शुरू हो गई। इसी दौरान आरोपी की मां कुलदीप कौर, बहन गगनदीप कौर तथा अन्य लोगों ने कथित तौर पर पुलिस टीम पर हमला कर दिया। पुलिस के अनुसार भीड़ ने तेजधार हथियारों और डंडों से हमला किया, जबकि एक पुलिसकर्मी की वर्दी भी फाड़ दी गई।

रिपोर्ट के मुताबिक हालात उस समय और तनावपूर्ण हो गए जब भीड़ में से किसी ने गोली चला दी। पुलिस का कहना है कि आत्मरक्षा में पहले हवाई फायर किया गया, लेकिन भीड़ पीछे नहीं हटी। आरोप है कि लवप्रीत ने एक पुलिसकर्मी का सरकारी हथियार छीनने की भी कोशिश की, जिसके बाद जवाबी फायरिंग में वह घायल हो गया। बाद में उसे अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

घटना के बाद पुलिस ने कुलदीप कौर, गगनदीप कौर, लवप्रीत सिंह उर्फ लब्बा और चार अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ हत्या के प्रयास, सरकारी कार्य में बाधा, पुलिस पर हमला और आर्म्स एक्ट समेत कई गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। पूरे मामले की जांच की निगरानी आईपीएस अधिकारी विनीत अहलावत को सौंपी गई है।