लुधियाना के वेरका मिल्क प्लांट में भीषण धमाका: एक की मौत, 5 घायल; बॉयलर चेक करने बुलाया गया था कर्मचारी

लुधियाना, रोजाना भास्कर (हरीश शर्मा): पंजाब के लुधियाना स्थित वेरका मिल्क प्लांट में शुक्रवार देर रात हुए जोरदार ब्लास्ट में एक कर्मचारी की मौत हो गई, जबकि पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को उपचार के लिए डीएमसी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।

जानकारी के अनुसार, यह हादसा एयर हीटर में गैस भरने के कारण हुए ब्लास्ट से हुआ। मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड टीम ने आग पर काबू पाया।

चौकी इंचार्ज अश्वनी कुमार ने बताया कि मृतक की पहचान कुनाल जैन (42) के रूप में हुई है, जो हैबोवाल का रहने वाला था। हादसे के समय उसे छुट्टी के बावजूद बॉयलर की जांच करने बुलाया गया था।

घायलों की पहचान कलुवंत सिंह, अजीत सिंह, पुनीत कुमार, दविंदर सिंह और गुरतेज सिंह के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि मृतक की पत्नी भी इसी प्लांट में कार्यरत है। पुलिस ने घटनास्थल को सील कर जांच शुरू कर दी है।