लुधियाना में अवैध पटाखा फैक्टरी में ब्लास्ट: दूर-दूर तक गूंजी धमाके की आवाजों से मचा हड़कंप, दो लोगों के मौत की सूचना; कई घायल

एक शव लुधियाना सिवल अस्पताल पहुंचा, पुलिस ने मरने वालों की गिनती और नाम की पुष्टि नहीं की

घटनास्थल पर कोहराम मचा हुआ है,मलबे में कई लोगों के दबे होने की आशंका

लुधियाना, रोजाना भास्कर ब्यूरो। लुधियाना के गांव जोधां से आसी कलां और नारंगवाल लिंक सड़क पर स्थित एक अवैध पटाखा फैक्टरी में मंगलवार देर रात ब्लास्ट हुआ है। फैक्टरी के स्टोर में विस्फोटक पटास रखी हुई थी और वहां रहने वाले बाहरी राज्य के लोग पटाखे बना रहे थे कि अचानक पटास में जबरदस्त विस्फोट हो गया जिसमें जोरदार धमाका हुआ है।

धमाके की आवाज पूरे इलाके में गूंज उठी और वहां हड़कंप मच गया। जोरदार आवाज सुनकर लोग घरों से बाहर निकल आए। घटनास्थल पर कोहराम मचा है और सैंकड़े लोग दूर खड़े हैं | मलबे में कई लोगों के दबे होने की आशंका जताई जा रही है |

जानकारी के अनुसार घटना के वक्त फैक्टरी में कई मजदूर महिलायें और अन्य लोग मौजूद थे। बताया जा रहा है कि फैक्टरी में हुए ब्लास्ट में दो लोगों की मौत हुई है लेकिन पुलिस ने अभी तक मरने वालों की गिनती और नाम नहीं बताये है ।

विस्फोट इतना जोरदार था कि छतें और दीवारें गिर गई और पूरा घर मलबे में तब्दील हो गया | घटना में कई लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं जिन्हें मलबे से निकालकर अस्पताल भिजवाया जा रहा है ।

घटना की सूचना मिलते ही डीएसपी दाखा वरिंदर सिंह खोसा, थाना जोधां के प्रभारी साहिबमीत सिंह पुलिस फोर्स के साथ घटनास्थल पर पहुंच गए हैं। वहीं घटना की सूचना दमकल विभाग को भी दी गई है। लुधियाना और जगरांव से फायर ब्रिगेड की गाड़ियां घटनास्थल पर पहुंच गई हैं।

डॉक्टर्स और अन्य मेडिकल स्टाफ भी घटनास्थल पर मौजूद हैं |अभी तक मिली जानकारी के अनुसार जिस जगह धमाका हुआ है वह एक एनआरआई परिवार का घर बताया जा रहा है। एनआरआई परिवार विदेश में रहता है और लिंक सड़क पर बने घर में प्रवासी परिवार रहते हैं।

इनमें महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं।इस घटना के बाद जिला ग्रामीण पुलिस ने कई जगह दबिश दी है और मकान किराये पर देने और दिलवाने वालों की तलाश की जा रही है |

जिला लुधियाना ग्रामीण पुलिस ने अवैध पटाखा फैक्टरी को जाने वाले सभी रास्तों पर नाकाबंदी कर दी है और किसी को भी उस तरफ जाने की इजाजत नहीं हैं |

मलबे से निकाले एक पुरुष के शव को लुधियाना के सिवल अस्पताल पहुंचा दिया है | जिला लुधियाना ग्रामीण के एसएसपी डॉ अंकुर गुप्ता और डीआईजी सतिंदर सिंह भी घटनास्थल की तरफ रवाना हो गये हैं |

इलाका निवासियों ने बताया कि उक्त अवैध पटाखा फैक्टरी में रहने वाले बाहरी राज्य के लोगों की गतिविधयां हमेशा संदिग्ध रही हैं लेकिन हैरानी इस बात की है कि पुलिस प्रशासन को इसकी भनक तक नहीं लगी, बताया जा रहा है कि दिवाली और अन्य फेस्टिवल के लिये अभी से पटाखे बनाये जा रहे थे।

घटनास्थल पर आर्मी भी पहुंच गई है, भारी मात्रा में पटास मलबे में पड़ी है इस लिये आर्मी को बुलाया गया है, एक मृतक की पहचान मोहम्मद कैफ (18) पुत्र जमील के रूप में हुई है, जमील के अनुसार रात को तेज बारिश तूफ़ान के बीच बिजली चली गई, इस से पहले आसमानी बिजली गिरने से शार्ट सर्किट से चिंगारियां भी निकली।

वहीं फैक्टरी में रखा गैस सिलिंडर फटने की बात भी कही जा रही है, सैन्य अधिकारीयों का कहना है कि बारिश और मलबे की वजय से अब सुबह पटास हटाने का काम शुरू किया जायेगा, मलबा हटाने के लिये जेसीबी और अन्य मशीनरी भी मंगवाई गई है

तहसीलदार करमजीत सिंह और फायर अफसर राजिंदर सिंह भी मौजूद हैं।