कपूरथला, रोजाना भास्कर ब्यूरो। शेखूपुर स्थित सरकारी हाई स्कूल में बुधवार को बड़ी संख्या में छात्रों ने मुख्य गेट बंद कर धरना प्रदर्शन किया। छात्रों की मांग थी कि लोकप्रिय शिक्षक का तबादला रद्द किया जाए, क्योंकि इससे उनकी पढ़ाई प्रभावित हो रही है। साथ ही स्कूल परिसर में बाथरूम के पास से गुजर रही हाई वोल्टेज बिजली की तारों को सुरक्षित स्थान पर शिफ्ट करने की मांग उठाई गई।

सूचना मिलते ही डीएसपी शीतल सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और छात्रों व अभिभावकों से बातचीत की। उन्होंने मांगों को उच्च अधिकारियों तक पहुंचाने और जल्द समाधान का भरोसा दिया। इसके बाद छात्रों ने धरना समाप्त कर स्कूल का गेट खोल दिया और कक्षाएं सुचारू रूप से शुरू हो गईं।
डीसी आकाश बांसल ने कहा कि मामला उनके संज्ञान में है और जल्द समाधान किया जाएगा।














