अनु माटा का हालचाल जानने पहुंचे हरप्रीत सिंह गोल्डी, कहा- “स्वास्थ्य पहली प्राथमिकता”

प्रोग्रेसिव ग्रुप की जॉइंट सेक्रेटरी प्रत्याशी अनु माटा ने वापस लिया नामांकन; गोल्डी ने की परमात्मा से जल्द स्वस्थ होने की अरदास

जालंधर रोज़ाना भास्कर (हरीश शर्मा): जिमखाना क्लब के आगामी चुनाव के बीच एक बड़ी और सद्भावनापूर्ण खबर सामने आई है। प्रोग्रेसिव ग्रुप की तरफ से जॉइंट सेक्रेटरी पद की प्रमुख दावेदार अनु माटा ने स्वास्थ्य संबंधी कारणों (हेल्थ इश्यू) के चलते अपना नामांकन वापस लेने का फैसला किया है।

इस घटनाक्रम की जानकारी मिलते ही अचीवर्स ग्रुप की तरफ से चुनाव मैदान में उतरे हरप्रीत सिंह गोल्डी खेल भावना और आपसी सौहार्द की मिसाल पेश करते हुए तुरंत इनकम टैक्स कॉलोनी स्थित अनु माटा के निवास स्थान पर पहुंचे। उन्होंने अनु माटा से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना और उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की। हरप्रीत सिंह गोल्डी ने परमात्मा से अरदास की है कि अनु माटा जल्द से जल्द पूरी तरह ठीक होकर हमेशा की तरह क्लब की शान बनी रहें।

दूसरी तरफ अनु माटा ने बताया कि वे सोमवार को जिमखाना क्लब गई थीं और सेहत ठीक न होने के कारण उन्होंने रिटर्न ऑफिसर (RO) को लिखित में आवेदन दे दिया है कि नाम वापसी की प्रक्रिया के दौरान उनके पेपर विड्रॉ (वापस) कर लिए जाएं।

क्लब का विकास सबके सहयोग से संभव, जीत-हार से ऊपर सद्भावना

हरप्रीत सिंह गोल्डी ने इस मौके पर एक बड़ा और सकारात्मक संदेश दिया। उन्होंने कहा कि क्लब का विकास किसी एक व्यक्ति या किसी एक ग्रुप से नहीं, बल्कि सभी सदस्यों के एकजुट सहयोग से ही संभव है। चुनाव में जीत और हार महज एक प्रक्रिया है, जो मायने नहीं रखती; असली मायने क्लब के सदस्यों के बीच आपसी प्रेम, सम्मान और सद्भावना रखती है। गोल्डी ने स्पष्ट किया कि चुनावी प्रतिद्वंद्विता से ऊपर उठकर एक-दूसरे के सुख-दुख में खड़े रहना ही जिमखाना क्लब की असली परंपरा है।

क्लब की उन्नति और प्रगति ही एकमात्र ध्येय

दूसरे संदेश में क्लब के भविष्य का खाका खींचते हुए गोल्डी ने कहा कि उनका एकमात्र लक्ष्य जिमखाना क्लब की निरंतर उन्नति और प्रगति है। क्लब के हर वर्ग-चाहे वे सीनियर सिटीजंस हों, युवा हों या महिला सदस्य, सभी को विश्वस्तरीय सुविधाएं और पारदर्शी व्यवस्था देना ही प्राथमिकता है। सभी सदस्यों को साथ लेकर क्लब को नई ऊंचाइयों पर ले जाने का प्रयास जारी रहेगा।

सौहार्दपूर्ण माहौल में चुनाव लड़ने का संदेश

हरप्रीत सिंह गोल्डी के इस कदम की क्लब के सभी सदस्यों और समर्थकों द्वारा काफी सराहना की जा रही है। चुनावी आपाधापी के बीच एक-दूसरे का हालचाल पूछना और सम्मान देना यह दर्शाता है कि जिमखाना क्लब एक परिवार की तरह है, जहां हर सदस्य की सेहत और भलाई सबसे पहले आती है।