अरविंद केजरीवाल 13 सितंबर को पंजाब आएंगे अमृतसर में सरकारी और एमिनेंस स्कूल में परिवहन-सुरक्षाकर्मी सेवाएं शुरू करेंगे CM मान भी साथ होंगे
रोज़ाना भास्कर जालंधर (ब्यूरो):- AAP संयोजक दिल्ली CM अरविंद केजरीवाल और मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान 13 सितंबर को अमृतसर से पंजाब के शिक्षा क्षेत्र में क्रांतिकारी बदलाव लाने के लिए बड़ी पहल की शुरुआत करेंगे। डिप्टी कमिश्नर अमित तलवाड़ ने बताया कि इस दिन स्कूल ऑफ एमिनेंस और सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों के लिए परिवहन सेवा, स्कूलों में सुरक्षा कर्मी और अन्य सेवाएं भी पंजाब के बच्चों को समर्पित की जाएंगी।
कार्यक्रम की तैयारियों के लिए आयोजित बैठक को संबोधित करते हुए डी सी तलवार ने कहा कि इस अवसर पर आम आदमी पार्टी के सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल विशेष तौर पर शामिल होंगे। इसमें पंजाब कैबिनेट के सभी मंत्री, विधायक और अन्य नेता भी उपस्थित रहेंगे। इस दिन पंजाब के मुख्यमंत्री द्वारा छेर्टा स्थित स्कूल ऑफ एमिनेंस का विस्तृत दौरा भी किया जाएगा।
रंजीत एवेन्यू में एक बड़े कार्यक्रम में स्कूली शिक्षा की बड़ी सेवाएं पंजाब के लोगों को समर्पित करेंगे। इस आयोजन में 40-50 हजार लोगों के भाग लेने की संभावना है और सभी व्यवस्थाएं इस संख्या को ध्यान में रखते हुए की जाएंगी।
सुरक्षा व तैयारियों में जुटा प्रशासन डिप्टी कमिश्नर ने इतनी बड़ी संख्या में इस अवसर पर भाग लेने वाले लोगों के लिए की जाने वाली व्यवस्थाओं की समीक्षा की और अधिकारियों को आवश्यक निर्देश भी दिए हैं। इस बैठक में पुलिस कमिश्नर नौनिहाल सिंह ने अधिकारियों के साथ सुरक्षा और यातायात व्यवस्था पर चर्चा की। इस कार्यक्रम में आने वाले हर पंजाबी की सुरक्षा और कार्यक्रम में उनकी निर्बाध पहुंच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।