जालंधर, रोजाना भास्कर ब्यूरो। पंजाब के कुख्यात गैंगस्टर गोल्डी बराड़ की तलाश अब अंतरराष्ट्रीय स्तर पर तेज हो गई है। कनाडा ने उसे देश के 25 मोस्ट वांटेड भगोड़ों की सूची में पहले स्थान पर रखा है। कनाडा की ओर से गोल्डी बराड़ की गिरफ्तारी और दोषसिद्धि में मददगार सूचना देने वाले व्यक्ति को 2.50 लाख कनाडाई डॉलर यानी करीब 1.63 करोड़ रुपये का इनाम देने की घोषणा की गई है। यह इनाम 2 नवंबर 2027 तक प्रभावी रहेगा।

गोल्डी बराड़ का असली नाम सतिंदरजीत सिंह बराड़ है और वह पंजाब के श्री मुक्तसर साहिब जिले से संबंधित है। कनाडाई पुलिस को उसकी तलाश सितंबर 2023 में विनीपेग में हुए सुखदूल सिंह गिल उर्फ सुखा दुनेके हत्याकांड के सिलसिले में है। इस मामले में फरवरी 2026 में गोल्डी बराड़ और करणबीर सिंह के खिलाफ प्रथम श्रेणी की हत्या और हत्या की साजिश रचने के आरोपों में गिरफ्तारी वारंट जारी किए गए थे।
कनाडाई पुलिस ने गोल्डी बराड़ को हथियारबंद और खतरनाक बताते हुए आम लोगों को चेतावनी दी है कि वे उससे सीधे संपर्क करने या उसे पकड़ने की कोशिश न करें।
मोस्ट वांटेड सूची में पंजाबी मूल के दो अन्य नाम भी
कनाडा की 25 मोस्ट वांटेड भगोड़ों की सूची में गोल्डी बराड़ के अलावा पंजाबी मूल के दो अन्य अपराधी भी शामिल हैं। सूची में आठवें स्थान पर मनप्रीत सिंह है, जिसकी तलाश पील क्षेत्र में हत्या के मामले में की जा रही है। वहीं, 23वें स्थान पर गुरकीरत सिंह का नाम है, जिसकी तलाश डेल्टा पुलिस नाबालिग से जुड़े यौन अपराध के मामले में कर रही है।
इस सूची में दूसरे स्थान पर काइल प्राउज, तीसरे पर कोडी रुडिफो, चौथे पर अयूब मोहम्मद और पांचवें स्थान पर सबरीना अगस्तो-रामिरेज का नाम शामिल है। कुल 25 भगोड़ों में से आठ की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग इनाम घोषित किए गए हैं।
अमेरिका की FBI भी घोषित कर चुकी है 10 लाख डॉलर का इनाम
गोल्डी बराड़ के खिलाफ कार्रवाई केवल कनाडा तक सीमित नहीं है। अमेरिका की संघीय जांच एजेंसी FBI भी उसे अपनी 10 मोस्ट वांटेड भगोड़ों की सूची में शामिल कर चुकी है। उसकी गिरफ्तारी में मददगार सूचना देने वाले को 10 लाख अमेरिकी डॉलर तक का इनाम घोषित किया गया है।
भारत में भी विभिन्न जांच एजेंसियां गोल्डी बराड़ को कई आपराधिक मामलों में तलाश रही हैं। उस पर पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला की हत्या की साजिश में शामिल होने का आरोप है। गोल्डी बराड़ ने सोशल मीडिया के माध्यम से इस हत्याकांड की जिम्मेदारी लेने का दावा भी किया था। जांच एजेंसियां उसे लॉरेंस बिश्नोई के आपराधिक नेटवर्क से जुड़ा बताती रही हैं।
पंजाब से लेकर कनाडा और अमेरिका तक फैले कथित आपराधिक नेटवर्क के चलते गोल्डी बराड़ की तलाश अंतरराष्ट्रीय सुरक्षा एजेंसियों के लिए अहम मामला बनी हुई है। कनाडा की मोस्ट वांटेड सूची में पहला स्थान और करोड़ों रुपये का इनाम उसकी गिरफ्तारी के लिए चल रहे अंतरराष्ट्रीय प्रयासों को दर्शाता है।













