कनाडा में पंजाबी युवक पर शिकंजा: फिरौती, फायरिंग और आगजनी के 12 मामलों में गुरसेवक सिंह गिरफ्तार

जालंधर/कनाडा, रोजाना भास्कर ब्यूरो: कनाडा के ब्रिटिश कोलंबिया में व्यापारियों को धमकाकर फिरौती मांगने वाले गिरोह के खिलाफ एबॉट्सफोर्ड पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पंजाबी मूल के 22 वर्षीय गुरसेवक सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पर गोलीबारी, आगजनी और धमकी देने समेत 12 गंभीर आपराधिक मामले दर्ज किए गए हैं। कोर्ट अब 22 मई को मामले में सजा सुनाएगा।

पुलिस के अनुसार गुरसेवक सिंह जनता की सुरक्षा के लिए खतरा बन चुका था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपी की तस्वीर भी सार्वजनिक की है ताकि उससे जुड़े अन्य पीड़ितों और गवाहों की पहचान हो सके।

जानकारी के मुताबिक 17 दिसंबर की रात एबॉट्सफोर्ड के किंग रोड स्थित एक बिजनेस प्रतिष्ठान पर फायरिंग की घटना हुई थी। सूचना मिलते ही पुलिस ने इलाके में नाकाबंदी कर संदिग्ध वाहन की तलाश शुरू कर दी।

कुछ देर बाद हाईवे-1 पर गैंग क्राइम यूनिट और पुलिस डॉग सर्विस ने कार को घेर लिया। खुद को चारों तरफ से घिरा देख गुरसेवक सिंह ने मौके पर ही सरेंडर कर दिया।

पुलिस प्रशासन ने साफ कहा है कि समुदाय में डर और हिंसा फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।