अमृतसर, रोजाना भास्कर ब्यूरो: पंजाब विधानसभा चुनाव नजदीक आते ही कांग्रेस की अंदरूनी सियासत फिर चर्चा में है। दो दिन पहले पंजाब कांग्रेस प्रधान राजा वड़िंग की रैली के दौरान पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी के समर्थन में कार्यकर्ताओं द्वारा नारे लगाए गए थे। अब अमृतसर में चन्नी के खिलाफ पोस्टर लगाए जाने के बाद पार्टी के भीतर गुटबाजी की चर्चाएं तेज हो गई हैं।

बुधवार सुबह कंपनी बाग के बाहर लगे पोस्टरों में चन्नी पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का समर्थन करने के आरोप लगाए गए।
पोस्टरों पर लिखा था, “सामने आओ चन्नी जी, तुमने बीजेपी की क्यों मानी जी?” वहीं राहुल गांधी से अपील करते हुए लिखा गया, “राहुल गांधी से बस यही पुकार, चन्नी को करो कांग्रेस से बाहर।”
सुबह राहगीरों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं की नजर पोस्टरों पर पड़ते ही उनकी चर्चा शुरू हो गई। हालांकि, ये पोस्टर किस व्यक्ति या संगठन ने लगाए, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
कांग्रेस की स्थानीय या प्रदेश इकाई की ओर से भी इस मामले में फिलहाल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि हाल के दिनों में कांग्रेस के भीतर विभिन्न नेताओं के समर्थकों की सक्रियता बढ़ी है।
पहले राजा वड़िंग की रैली में चन्नी के समर्थन में लगे नारे और अब उनके विरोध में सामने आए पोस्टर चुनाव से पहले पार्टी के भीतर मतभेदों की चर्चाओं को और तेज कर रहे हैं।














