आप नॉर्थ प्रभारी की शुक्राना यात्रा दौरान देवी तालाब मंदिर में पत्थरबाजी पर संत समाज का फूटा गुस्सा, पुलिस कमिश्नर को सौंपी शिकायत
जालंधर, रोजाना भास्कर ब्यूरो। आम आदमी पार्टी के नॉर्थ प्रभारी और मेयर वनीत धीर की शुकराना यात्रा के दौरान सिद्ध शक्तिपीठ श्री देवी तालाब मंदिर में हुई पत्थरबाजी की घटना को लेकर विवाद गहरा गया है।

घटना के विरोध में संत समाज और श्री देवी तालाब मंदिर प्रबंधन कमेटी ने पुलिस कमिश्नर कार्यालय पहुंचकर शिकायत सौंपते हुए आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की।
भारत साधू समाज की ओर से महंत बंसीदास ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि सिद्ध शक्तिपीठ श्री देवी तालाब मंदिर करोड़ों सनातन श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र है, जहां देश-विदेश से प्रतिदिन हजारों श्रद्धालु माता श्री त्रिपुरमालिनी जी के दर्शन और पूजा-अर्चना के लिए पहुंचते हैं।

उन्होंने कहा कि मंदिर परिसर में असामाजिक तत्वों द्वारा कथित पत्थरबाजी, हंगामा और तोड़फोड़ जैसी घटनाएं न केवल धार्मिक मर्यादा का उल्लंघन हैं, बल्कि सनातन समाज की धार्मिक भावनाओं को भी आहत करती हैं।
संत समाज ने मांग की कि दोषियों की जल्द पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए मंदिर परिसर में सुरक्षा बढ़ाई जाए।
वहीं पुलिस कमिश्नर सतिंदर सिंह ने शिकायत मिलने के बाद भरोसा दिलाया है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। अधिकारियों के अनुसार, मंदिर परिसर के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों को लगाया गया है।
पुलिस का कहना है कि पहचान होते ही आरोपियों को गिरफ्तार कर कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।














