जालंधर, रोजाना भास्कर ब्यूरो। जालंधर के काला संघिया रोड स्थित टैगोर इंटरनेशनल स्कूल में तीसरी कक्षा की 8 वर्षीय छात्रा को कथित तौर पर अमानवीय सजा देने का मामला सामने आया है। बच्ची के परिजनों का आरोप है कि दो चोटियों की जगह एक चोटी बनाकर स्कूल पहुंचने पर शिक्षिका ने उसके हाथ जमीन पर रखवाकर उन पर पैर रखकर चलवाया। परिवार के मुताबिक, बच्ची घटना के बाद से डरी हुई थी और उसकी तबीयत बिगड़ने पर उसे अस्पताल ले जाना पड़ा।


बच्ची के पिता रोहित कुमार ने आरोप लगाया कि स्कूल पहुंचने पर प्रबंधन ने उनकी शिकायत पर उचित सहयोग नहीं किया। परिजनों ने दो अध्यापिकाओं के खिलाफ पुलिस को लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है।


फिलहाल, मामले में लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि और स्कूल प्रबंधन का आधिकारिक पक्ष सामने आना बाकी है।














