जालंधर, रोजाना भास्कर ब्यूरो: जालंधर के रामनगर निवासी आकाशदीप ने रूस से वीडियो जारी कर ट्रैवल एजेंट पर गंभीर धोखाधड़ी के आरोप लगाए हैं। युवक के अनुसार, जालंधर के एक एजेंट ने उसे फ्रूट तोड़ने की नौकरी, अच्छी सैलरी, एसी कमरे और बेहतर सुविधाओं का वादा कर 15 जून 2026 को मॉस्को भेजा।

लेकिन वहां पहुंचने पर उसे पता चला कि वर्क वीजा की बजाय टूरिस्ट वीजा पर भेजा गया है और एजेंट का व्यक्ति उसे अन्य युवकों के साथ जंगल के बीच बने जर्जर ठिकाने पर छोड़कर चला गया।
आकाशदीप का दावा है कि उसके साथ हरियाणा और राजस्थान के कई युवक भी फंसे हुए हैं। सभी बेहद खराब परिस्थितियों में रहने को मजबूर हैं और आगे क्या होगा, इसकी कोई जानकारी नहीं दी जा रही।
युवक ने आरोप लगाया कि एजेंट अब जिम्मेदारी लेने से इनकार कर रहा है। उसने पंजाब और देशभर के युवाओं से अपील की है कि विदेश में नौकरी के नाम पर किसी भी एजेंट के झांसे में न आएं और पूरी जांच-पड़ताल के बाद ही कोई कदम उठाएं।














