जालंधर कैंट रेलवे स्टेशन पर CBI की बड़ी कार्रवाई: ₹66 हजार रिश्वत लेते सीनियर सेक्शन इंजीनियर गिरफ्तार

जालंधर, रोजाना भास्कर ब्यूरो: जालंधर कैंट रेलवे स्टेशन पर केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए रेलवे के एक सीनियर सेक्शन इंजीनियर को कथित तौर पर ₹66 हजार की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई रेलवे विजिलेंस नहीं, बल्कि चंडीगढ़ से पहुंची सीबीआई टीम ने की।

जानकारी के अनुसार, सीबीआई इंस्पेक्टर कुलदीप सिंह के नेतृत्व में टीम ने जालंधर कैंट स्थित ब्रिज वर्कशॉप में तैनात सीनियर सेक्शन इंजीनियर मिलिंद को गिरफ्तार किया। बताया जा रहा है कि रेलवे के एक ठेकेदार ने रिश्वत मांगने की शिकायत सीबीआई को दी थी। शिकायत की जांच के बाद सीबीआई ने योजनाबद्ध कार्रवाई करते हुए आरोपी अधिकारी को गिरफ्तार कर लिया।

कार्रवाई के बाद सीबीआई टीम आरोपी इंजीनियर को आगे की पूछताछ के लिए अपने साथ चंडीगढ़ ले गई। मामले में भ्रष्टाचार के आरोपों की विस्तृत जांच जारी है।

वहीं, आरपीएफ थाना के इंस्पेक्टर रविंदर कुमार ने पुष्टि की कि कार्रवाई सीबीआई की टीम ने की है। उन्होंने कहा कि मामले से संबंधित विस्तृत जानकारी सीबीआई के चंडीगढ़ कार्यालय द्वारा ही साझा की जाएगी।