जालंधर में आधी रात ‘कब्जा गैंग’ का हमला! मॉडल टाउन की करोड़ों की प्रॉपर्टी पर कब्जे की कोशिश, मुख्य आरोपी राजन सिद्धू गिरफ्तार

जालंधर, रोजाना भास्कर ब्यूरो: शहर के पॉश इलाके मॉडल टाउन में डॉ. जसनीव कपूर की करोड़ों रुपये की विवादित प्रॉपर्टी पर आधी रात कब्जा करने की कथित कोशिश से सनसनी फैल गई। आरोप है कि इनोवा गाड़ी में सवार 15-20 हथियारबंद लोग, जिन्होंने निहंगों जैसा बाणा पहन रखा था, निर्माणाधीन इमारत में जबरन घुस गए और वहां तैनात सुरक्षा गार्डों पर हमला कर उन्हें भगा दिया।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन आरोपियों ने पुलिस टीम को भी धमकाते हुए कहा कि यहां से चले जाओ, नहीं तो अंजाम बुरा होगा। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी अमरप्रीत सिंह सिद्धू उर्फ राजन सिद्धू को मौके से गिरफ्तार कर लिया। अदालत ने उसे एक दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। मामले में उसकी बहन रंजीव ग्रेवाल, ड्राइवर विनय कुमार और 15-20 अज्ञात लोगों को भी आरोपी बनाया गया है।

 

पुलिस के अनुसार आरोपियों ने हाथों में किरपान और अन्य हथियार लहराकर इलाके में दहशत का माहौल बनाया और सरकारी ड्यूटी में भी बाधा डाली। यह मामला पहले से चल रहे 21.75 मरले जमीन विवाद से जुड़ा है, जिसमें डॉ. जसनीव कपूर ने आरोप लगाया है कि प्रॉपर्टी की कीमत बढ़ने के बाद आरोपियों ने कब्जा करने और उन्हें जान से मारने की धमकी देने की साजिश रची।

 

पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की जांच जारी है और फरार अन्य आरोपियों की तलाश में छापेमारी की जा रही है।