नगर निगम आयुक्त निकास कुमार से मुलाकात कर खेलों के विकास, खिलाड़ियों को सुविधाएं और युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए रखा विजन
जालंधर रोज़ाना भास्कर (हरीश शर्मा): शहर में खेलों को नई पहचान दिलाने और युवाओं को खेलों से जोड़ने की मुहिम को आगे बढ़ाते हुए प्रसिद्ध खेल प्रमोटर सुरिंदर सिंह भापा ने नगर निगम के नव-नियुक्त आयुक्त निकास कुमार (आईएएस) से शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान भापा ने आयुक्त को हॉकी स्टिक भेंट कर उनका स्वागत किया और जालंधर में खेलों के विकास को लेकर अपनी विस्तृत योजना साझा की।

सुरिंदर सिंह भापा ने कहा कि जालंधर हमेशा से देश को बेहतरीन खिलाड़ी देने वाली धरती रही है। जरूरत इस बात की है कि खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं, आधुनिक खेल मैदान और नियमित प्रतियोगिताएं उपलब्ध कराई जाएं ताकि युवाओं की प्रतिभा को सही दिशा मिल सके।
उन्होंने बताया कि उनकी संस्था समय-समय पर हॉकी, क्रिकेट, बैडमिंटन सहित विभिन्न खेलों के राज्य और राष्ट्रीय स्तर के टूर्नामेंट आयोजित करती रही है, जिनका मुख्य उद्देश्य युवाओं को नशे जैसी बुराइयों से दूर रखकर खेलों की ओर प्रेरित करना है।
भापा ने आयुक्त को यह भी बताया कि यदि प्रशासन और खेल संस्थाएं मिलकर कार्य करें तो जालंधर को एक बार फिर देश का अग्रणी खेल शहर बनाया जा सकता है। उन्होंने नगर निगम से खेल सुविधाओं के विस्तार और खिलाड़ियों के लिए आवश्यक सहयोग की भी मांग की।
नगर निगम आयुक्त निकास कुमार ने सुरिंदर सिंह भापा की पहल की सराहना करते हुए आश्वासन दिया कि शहर में खेलों को बढ़ावा देने और खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए नगर निगम हरसंभव सहयोग करेगा।
उन्होंने कहा कि युवाओं का खेलों की ओर बढ़ता रुझान समाज और शहर के उज्ज्वल भविष्य के लिए बेहद आवश्यक है तथा खेलों को प्रोत्साहित करने वाले हर सकारात्मक प्रयास का प्रशासन पूरा समर्थन करेगा।














