ट्रम्प पर स्विस मॉडल ने लगाया रेप का आरोप, 33 साल पुराने मामले में नया खुलासा!

न्यूयॉर्क के प्लाजा होटल में 1993 में घटना होने का दावा, वीजा और यूनिवर्सिटी में दाखिले का वादा करने का भी आरोप

न्यूयॉर्क/स्विट्जरलैंड, रोजाना भास्कर ब्यूरो। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प पर स्विट्जरलैंड की पूर्व मॉडल और पूर्व मिस स्विट्जरलैंड बीट्रिस क्यूल ने 1993 में रेप का आरोप लगाया है। अमेरिकी संसद में डेमोक्रेटिक सदस्यों की ओर से जारी एक नई रिपोर्ट के अनुसार, मॉडल ने दावा किया कि न्यूयॉर्क के प्लाजा होटल में ट्रम्प ने उनके साथ जबरदस्ती की थी।

क्यूल के मुताबिक, वह एक सौंदर्य प्रतियोगिता में हिस्सा लेने अमेरिका गई थीं, जहां उनकी ट्रम्प से मुलाकात हुई थी। उन्होंने आरोप लगाया कि ट्रम्प के एक सहयोगी ने उन्हें होटल के कमरे में बुलाया, जहां उनके साथ यौन हिंसा हुई।

मॉडल ने यह भी दावा किया कि घटना के बाद उन्हें चुप रहने के लिए कहा गया और अमेरिका का वीजा दिलाने तथा न्यूयॉर्क यूनिवर्सिटी में दाखिला दिलाने का वादा किया गया।

क्यूल ने 2024 में भी ट्रम्प पर यौन शोषण के आरोप लगाए थे। नई रिपोर्ट में अन्य महिलाओं द्वारा लगाए गए आरोपों का भी उल्लेख है। हालांकि, ये आरोप हैं और इन्हें अदालत में अपराध सिद्ध होने के बराबर नहीं माना जा सकता।