जालंधर में ट्रैवल कंसल्टेंट पर गंभीर आरोप: बिना लाइसेंस इमीग्रेशन कारोबार करने की शिकायत, केस दर्ज करने की मांग

जालंधर, रोजाना भास्कर ब्यूरो। शहर की छोटी बारादरी स्थित एक विदेश यात्रा कंसल्टेंट कंपनी के खिलाफ डीसी कार्यालय में लिखित शिकायत दर्ज करवाई गई है। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि संबंधित कंपनी बिना वैध ट्रैवल एजेंट लाइसेंस के इमीग्रेशन और वीजा संबंधी कारोबार चला रही है।

शिकायतकर्ता विकास ने बताया कि उक्त कंपनी अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर लगातार वीजा और विदेश यात्रा से संबंधित विज्ञापन प्रकाशित कर रही है।

इतना ही नहीं, ग्राहकों के वीजा दस्तावेज भी प्रचार के लिए दिखाए जा रहे हैं। उनका दावा है कि कंपनी के पास जिला प्रशासन द्वारा जारी कोई वैध ट्रैवल एजेंसी लाइसेंस नहीं है।

शिकायत में आरोप लगाया गया है कि बिना लाइसेंस के कार्यालय संचालित करना और इमीग्रेशन सेवाओं का प्रचार-प्रसार करना नियमों का उल्लंघन है।

शिकायतकर्ता ने कंपनी के संचालक मनीश के खिलाफ कानूनी कार्रवाई और मामला दर्ज करने की मांग की है।

वहीं, इस संबंध में कंपनी के मालिक से संपर्क किए जाने पर उन्होंने कहा कि वह जल्द ही अपना पक्ष सार्वजनिक करेंगे।

फिलहाल शिकायत के आधार पर प्रशासनिक स्तर पर मामले की जांच की जा रही है और जांच रिपोर्ट के बाद आगे की कार्रवाई संभव है।