झोटा के पिता हुए राजी, मांगों पर सरकार से बनी सहमति! इस दिन होगा पोस्टमार्टम, फिर अंतिम संस्कार; दुकान को आग लगाने और तोड़फोड़ करने वाले 1200 लोगों पर FIR

23 दिनों से जारी संघर्ष में बड़ा मोड़, परिवार को 2 करोड़ रुपये मुआवजा और नौकरी का भरोसा; लाखा सिधाना समेत गिरफ्तार नेताओं की रिहाई पर भी सहमति

मानसा/चंडीगढ़, रोजाना भास्कर ब्यूरो। परविंदर सिंह झोटा को इंसाफ दिलाने के लिए चल रहे संघर्ष में अहम घटनाक्रम सामने आया है। सरकार और एक्शन कमेटी के बीच करीब पांच घंटे चली बैठक के बाद कई मांगों पर सहमति बन गई। इसके बाद झोटा के पिता और परिवार पोस्टमार्टम व अंतिम संस्कार के लिए राजी हो गए हैं।

समझौते के अनुसार, 5 नवंबर को झोटा का पोस्टमार्टम और अगले दिन अंतिम संस्कार किया जाएगा। परिवार को 2 करोड़ रुपये मुआवजा और एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने का भरोसा दिया गया है। लाखा सिधाना समेत जेल में बंद अन्य नेताओं की रिहाई पर भी सहमति बनी है। इसके अलावा झोटा के नाम पर ट्रॉमा सेंटर बनाने और संबंधित अधिकारियों के खिलाफ उच्चस्तरीय जांच करवाने का भरोसा दिया गया है।

अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि झोटा को इंसाफ दिलाने के लिए शुरू हुई नशे के खिलाफ लड़ाई आगे किस रूप में जारी रहेगी? क्या एक्शन कमेटी की मुहिम पंजाब में नशे के खिलाफ बड़े आंदोलन का रूप लेगी?