जालंधर में बारिश के बीच सड़क निर्माण पर उठे सवाल, BJP जिला प्रधान अशोक सरीन हिक्की ने कहा- अधिकारी और ठेकेदार की मौज

जालंधर। बारिश के बीच गुलमोहर सिटी एक्सटेंशन के पास लंबा पिंड चौक क्षेत्र में सड़क निर्माण को लेकर नगर निगम की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं। भाजपा जिला प्रधान अशोक सरीन हिक्की ने आरोप लगाया कि बारिश के दौरान सड़क पर लुक डालकर निर्माण कार्य कराया जा रहा है, जो गुणवत्ता और सरकारी धन के इस्तेमाल को लेकर गंभीर सवाल खड़े करता है।

बारिश में सड़क या ठेकेदार-अधिकारियों का फायदा?

अशोक सरीन हिक्की ने तंज कसते हुए कहा कि “बारिश में सड़क नहीं, बल्कि ठेकेदार और अधिकारियों के पैसे बन रहे हैं।” उन्होंने आरोप लगाया कि नगर निगम के अधिकारी ठेकेदार की मनमानी को रोकने और लाखों रुपये के संभावित नुकसान को बचाने में नाकाम साबित हो रहे हैं।

सड़क की गुणवत्ता पर सवाल

भाजपा नेता ने कहा कि बारिश के दौरान बनाई जा रही सड़क कितने दिन टिकेगी, यह बड़ा सवाल है। यदि निर्माण के तुरंत बाद सड़क खराब हुई तो इसका खामियाजा दोबारा शहरवासियों को भुगतना पड़ेगा और सरकारी धन भी बर्बाद होगा।

उन्होंने नगर निगम प्रशासन से मांग की कि बारिश के दौरान सड़क निर्माण पर तत्काल रोक लगाई जाए, निर्माण कार्य की गुणवत्ता की जांच हो और नियमों की अनदेखी करने वालों पर कार्रवाई की जाए।