जालंधर, रोजाना भास्कर न्यूज: जालंधर के गुलाब देवी रोड स्थित रोज़ बाग कॉलोनी में शराब के नशे में धुत युवकों की तेज रफ्तार कार ने बड़ा हादसा खड़ा कर दिया। तेज गति से आ रही कार ने सड़क किनारे खड़ी गाड़ियों को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे कार हवा में उछलकर पलट गई।
गनीमत यह रही कि इस दुर्घटना में किसी की जान नहीं गई और बड़ा हादसा टल गया। घटना की सूचना मिलते ही थाना डिवीजन नंबर 2 की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और कार सवार युवकों को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है।

गली में खड़ी गाडी़ को मारी टक्कर
प्रत्यक्षदर्शी नवीन सचदेवा (निवासी रोज़ बाग, गुलाब देवी रोड) के अनुसार, लगभग आधा-पौन घंटा पहले वे अपने घरों के भीतर मौजूद थे, तभी बाहर जोर के धमाके और टकराने की आवाज सुनाई दी। जब लोग तुरंत घरों से बाहर निकले तो देखा कि एक तेज रफ्तार कार ने गली में खड़ी गाड़ी में सीधे टक्कर मार दी थी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार अनियंत्रित होकर पलट गई और फिर दूसरी गाड़ी से जा टकराई।
घटना के वक्त कार में चार युवक सवार थे
हादसे के वक्त कार में चार युवक सवार थे। कार पलटने के बाद तीन युवक मौके पर ही मौजूद रहे, जबकि उनका एक साथी दुर्घटना के तुरंत बाद वहां से फरार हो गया। स्थानीय निवासियों द्वारा पूछताछ करने पर कार सवार युवकों ने बताया कि वे मॉडल हाउस और भार्गव कैंप क्षेत्र के रहने वाले हैं।
घटनास्थल पर मौजूद एक दंपति ने बताया कि ये कार सवार युवक 12 फुटी रोड से ही उनका पीछा कर रहे थे। उन्होंने पहले दंपति की एक्टिवा के आगे कट मारा और गाड़ी में बैठे-बैठे वीडियो बना रहे थे। जब दंपति ने उनका पीछा किया तो गली के बाहर मौजूद कुछ लोगों ने युवकों को पकड़ लिया। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि कार चला रहा युवक अत्यधिक शराब के नशे में था, जिसकी वजह से वह वाहन से अपना नियंत्रण खो बैठा।
घटना की सूचना पर पहुंचे पुलिस की टीम
घटना की जानकारी मिलते ही थाना डिवीजन नंबर 2 से सहायक उप-निरीक्षक (ASI) नरेश कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि पुलिस को आपातकालीन नंबर 112 से सूचना मिली थी कि गुलाब देवी रोड पर गुरुद्वारा साहब के पास एक गाड़ी पलट गई है। पुलिस ने तुरंत मौके पर पहुंचकर पलटी हुई कार को सीधा करवाया और उसे थाने भिजवाया।
पुलिस अधिकारी के अनुसार, शुरुआती पूछताछ में कार सवारों ने दावा किया कि कोई उनका पीछा कर रहा था, जिसकी वजह से यह हादसा हुआ। हालांकि, पुलिस मामले की हर पहलू से गहन जांच कर रही है। युवकों का मेडिकल परीक्षण करवाया जा रहा है और पीड़ितों के बयान के आधार पर बनती कानूनी कार्रवाई की जा रही है।














