जालंधर में ED ने सीए के घर मारा छापा, पंजाब में कई ठिकानों पर रेड से बढ़ाई हलचल!

जालंधर, रोजाना भास्कर ब्यूरो। पंजाब में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने मंगलवार सुबह बड़ी कार्रवाई करते हुए जालंधर के न्यू जवाहर नगर स्थित एक चार्टर्ड अकाउंटेंट (CA) के घर छापेमारी की। टीम ने मौके पर पहुंचकर महत्वपूर्ण दस्तावेजों और वित्तीय रिकॉर्ड की जांच शुरू कर दी। सूत्रों के मुताबिक, पंजाब के अन्य शहरों में भी कई स्थानों पर एक साथ कार्रवाई की गई है।

हालांकि, ED की ओर से अभी तक किसी व्यक्ति या संस्था का नाम सार्वजनिक नहीं किया गया है, लेकिन अचानक हुई इस कार्रवाई से कारोबारी वर्ग में चर्चा और चिंता का माहौल बन गया है।

जानकारी यह भी सामने आई है कि जालंधर के दो नेताओं के ठिकानों पर भी जांच एजेंसियों के पहुंचने की सूचना मिली है।

इस बीच, आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने सोशल मीडिया पर केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि पंजाब के व्यापारियों को घबराने की जरूरत नहीं है।

उन्होंने भरोसा दिलाया कि पंजाब सरकार और पूरा प्रदेश व्यापारियों के साथ खड़ा है।

उधर, मानसा में राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने भी एक युवक के ठिकाने पर रेड की है। जांच एजेंसी को शक है कि उसका संबंध पाकिस्तान के डॉन शहजाद भट्टी से हो सकता है।

पंजाब में पिछले कुछ समय से केंद्रीय एजेंसियों की लगातार कार्रवाई ने राजनीतिक और कारोबारी माहौल को गर्म कर दिया है।

अब सभी की नजर इस बात पर टिकी है कि जालंधर और अन्य स्थानों पर हुई ताजा रेड से जांच एजेंसियों को क्या अहम सुराग मिलते हैं।