जालंधर, रोजाना भास्कर ब्यूरो। वडाला स्थित रॉयल कॉलोनी में आवारा और पालतू कुत्तों को लेकर विवाद ने गंभीर रूप ले लिया है। कॉलोनी निवासियों का आरोप है कि कुछ लोग अपने कुत्तों को खुले में छोड़ देते हैं, जिससे बच्चों और बुजुर्गों पर हमले की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। हाल ही में कुत्तों द्वारा छोटे बच्चों को काटे जाने के बाद लोगों में रोष फैल गया।

निवासियों के अनुसार, जब उन्होंने कुत्ता मालिकों से इस समस्या के समाधान की मांग की तो विवाद बढ़ गया। मामले को सुलझाने के लिए सरपंच की मौजूदगी में शाम 7 बजे पंचायत रखी गई थी, लेकिन आरोप है कि पंचायत शुरू होने से पहले ही कुत्ता मालिकों ने अपने समर्थकों के साथ कॉलोनी में हंगामा कर दिया।
कॉलोनी के लोगों का आरोप है कि रिंकू, भूपिंदर सिंह और रोहित ने बाहर से 4-5 अज्ञात युवकों को बुलाया, जो कथित तौर पर नशे की हालत में थे। इन लोगों ने परिवार की महिलाओं के साथ मिलकर बुजुर्गों के साथ मारपीट की और कॉलोनी में रखी कुर्सियां तोड़ दीं।
बुजुर्ग मंगल सिंह ने आरोप लगाया कि कुत्तों से बचाव के दौरान उनके हाथ से डंडा छीनकर उनके साथ धक्का-मुक्की और मारपीट की गई।
महिला निवासी बबिता ने बताया कि उन्होंने केवल बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए कुत्तों को घर के अंदर रखने की अपील की थी, लेकिन इसके बाद उन्हें और उनके परिवार को कथित तौर पर डराने-धमकाने की कोशिश की गई।
आरोप है कि कई बार उनके घर की डोरबेल बजाकर परेशान किया गया। उस समय उनके पति घर पर नहीं थे, जिसके चलते उन्होंने 112 नंबर पर पुलिस को सूचना दी।
बबिता ने यह भी आरोप लगाया कि पहले नगर निगम में शिकायत दर्ज कर डॉग कैचिंग वैन बुलवाई गई थी, लेकिन कुत्ता मालिकों ने निगम कर्मचारियों को धमकाकर कार्रवाई रुकवा दी, जिससे टीम बिना कार्रवाई किए लौट गई।
घटना के बाद कॉलोनी के 60 से अधिक निवासियों ने एकजुट होकर थाना लांबड़ा के एसएचओ को लिखित शिकायत सौंपी है। पुलिस ने मामले की निष्पक्ष जांच और बाहरी लोगों की पहचान कर उचित कानूनी कार्रवाई का भरोसा दिया है।
मामले में लगाए गए आरोप शिकायतकर्ताओं के दावों पर आधारित हैं। पुलिस जांच के बाद ही तथ्यों की आधिकारिक पुष्टि हो सकेगी।














