विजीलेंस ब्यूरो की बड़ी कार्रवाई, जांच में करोड़ों की बेहिसाबी संपत्ति का खुलासा
जालंधर (रोजाना भास्कर): पंजाब में भ्रष्टाचार के खिलाफ चल रही मुहिम के तहत विजीलेंस ब्यूरो ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नायब तहसीलदार वरिंदरपाल सिंह धूत को गिरफ्तार किया है। होशियारपुर जिले के गांव धूत कलां निवासी धूत पर आय से कई गुना अधिक संपत्ति जमा करने का आरोप है।
राज्य विजीलेंस ब्यूरो के प्रवक्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि जालंधर रेंज द्वारा की गई जांच में यह पाया गया कि धूत और उसके पारिवारिक सदस्यों के नाम पर बेहिसाब चल-अचल संपत्ति जमा की गई थी।
जांच 1 जनवरी 2009 से 31 दिसंबर 2018 की अवधि को लेकर की गई, जिसमें धूत की कुल वैध आय ₹3.58 करोड़ थी, जबकि उनके खर्च और संपत्तियों का आंकड़ा ₹11.18 करोड़ तक पहुंच गया।
इस प्रकार, धूत की संपत्ति ₹7.59 करोड़ यानी लगभग 211.54% अधिक पाई गई, जो भ्रष्टाचार निरोधक कानूनों का स्पष्ट उल्लंघन है।
विजीलेंस ब्यूरो ने इस आधार पर जालंधर रेंज थाना में मामला दर्ज कर धूत को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को अदालत में पेश किया जाएगा और मामले की आगे की जांच जारी है।
यह कार्रवाई राज्य सरकार की पारदर्शिता और जवाबदेही की दिशा में एक मजबूत कदम मानी जा रही है।