निकाय विभाग में एक बड़ा प्रशासनिक फेरबदल: मान सरकार ने 171 अधिकारियों/कर्मचारियों के तबादले किए, जालंधर में इन अधिकारियों की हुई वापसी

रोजाना भास्कर (चंडीगढ़/जालंधर ): पंजाब की मान सरकार ने बुधवार को स्थानीय निकाय विभाग में एक बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 171 अधिकारियों, कर्मचारियों और इंजीनियरों के तत्काल प्रभाव से तबादले कर दिए हैं। इस फेरबदल का सबसे ज्यादा असर जालंधर, लुधियाना, पटियाला और अमृतसर नगर निगमों के साथ-साथ विभिन्न इंप्रूवमेंट ट्रस्टों पर भी पड़ा है।

सरकार द्वारा जारी की गई सूची के अनुसार, जालंधर नगर निगम में कई वर्षों से जमे अधिकारियों को भी इधर-उधर किया गया है, खासकर बिल्डिंग ब्रांच में महत्वपूर्ण बदलाव किए गए हैं।

इस फेरबदल में सबसे ज्यादा चर्चा जालंधर नगर निगम में तीन साल बाद हो रही दो अहम नियुक्तियों की है। लगभग तीन साल पहले एक स्थानीय नेता के साथ हुए विवाद के बाद यहां से ट्रांसफर किए गए एमटीपी मेहरबान सिंह और एटीपी विकास दुआ की निगम में वापसी हो गई है।

एमटीपी मेहरबान सिंह की कुछ समय पहले ही वापसी हुई थी और अब एटीपी विकास दुआ को भी वापस जालंधर में नियुक्ति दे दी गई है। इसके अलावा, जालंधर में तैनात दो महिला एटीपी का तबादला दूसरे शहरों में किया गया है।