लुधियाना, रोजाना भास्कर ब्यूरो: पंजाब में दो दिनों के भीतर दो गुरुद्वारा साहिब में फायरिंग की घटनाओं से हड़कंप मच गया है। जगरांव के गांव गगड़ा के बाद बुधवार तड़के करीब 3 बजे रायकोट के गांव राजोआणा कलां स्थित ऐतिहासिक गुरुद्वारा मंजी साहिब में दो नकाबपोश हमलावरों ने गोलियां चलाईं।

हमलावरों ने गुरुद्वारा साहिब के मुख्य प्रबंधक संत बाबा बलदेव सिंह के रिहायशी कमरे को निशाना बनाया। गनीमत रही कि घटना के समय बाबा बलदेव सिंह कमरे में मौजूद नहीं थे और किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हमलावर बाइक पर आए और उसे मोड़ पर छिपाकर गुरुद्वारा परिसर में दाखिल हुए। वारदात के बाद वे फरार हो गए। चश्मदीदों के मुताबिक, दोनों ने चेहरे ढके हुए थे और मैले-कुचैले कपड़े पहने थे।
घटना की सूचना मिलते ही एसएसपी डॉ. अंकुर गुप्ता सहित पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच कर रही है।
गगड़ा की घटना में कथित तौर पर धमकी भरा पत्र मिला था, जबकि मंजी साहिब में ऐसा कोई पत्र मिलने की जानकारी नहीं है। दोनों घटनाओं के बीच संबंध होने की अभी पुष्टि नहीं हुई है।














