खेल बजट ₹147 करोड़ से बढ़ाकर ₹1,791 करोड़ करने को बताया ऐतिहासिक कदम, 27 अक्टूबर से 5 नवंबर तक जालंधर में होंगे मुकाबले
जालंधर, रोजाना भास्कर ब्यूरो। सांसद एवं पूर्व खेल मंत्री गुरमीत सिंह मीत हेयर ने बुधवार को जालंधर के बर्ल्टन पार्क स्थित ओलंपियन सुरजीत हॉकी स्टेडियम का दौरा कर पुरुष एशियन चैंपियंस ट्रॉफी 2026 की तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि पंजाब में इस प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट का आयोजन राज्य की समृद्ध खेल विरासत को पुनर्जीवित करने की दिशा में पंजाब सरकार के प्रयासों का प्रमाण है।

मीत हेयर ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार ने खेल बजट ₹147 करोड़ से बढ़ाकर ₹1,791 करोड़ कर दिया है। उन्होंने दावा किया कि राज्य में लगभग 3,100 आधुनिक स्टेडियम विकसित किए जा रहे हैं। उन्होंने खिलाड़ियों को पदक जीतने पर नकद पुरस्कार और सरकारी नौकरी देने की नीति की भी सराहना की।
27 अक्टूबर से 5 नवंबर तक होने वाले इस टूर्नामेंट में भारत, मलेशिया, जापान, दक्षिण कोरिया, चीन और बांग्लादेश की टीमें हिस्सा लेंगी। मीत हेयर ने पंजाब के लोगों से अपील की कि वे बड़ी संख्या में पहुंचकर खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाएं और पंजाब की खेल विरासत का जश्न मनाएं। इस दौरान पंजाब पर्यटन एवं सांस्कृतिक मामलों के विभाग के सलाहकार दीपक बाली भी मौजूद रहे।












