पंजाब में सभी स्कूलों का टाइम बदला: 2 नवंबर से आधा घंटा लेट खुलेंगे, 3 बजे छुट्टी; सरकारी के साथ प्राइवेट-एडेड पर भी लागू

मोहाली/जालंधर, रोजाना भास्कर ब्यूरो। पंजाब में 2 नवंबर से स्कूलों का समय बदल जाएगा। ठंड के मौसम को ध्यान में रखते हुए शिक्षा विभाग ने बुधवार को सभी सरकारी, प्राइवेट, एडेड और मान्यता प्राप्त स्कूलों का समय बदलने का फैसला लिया है। नए शेड्यूल के तहत स्कूल सुबह 9 बजे शुरू होंगे।

प्राइमरी स्कूल दोपहर 3 बजे तक और मिडिल से सीनियर सेकेंडरी तक के स्कूल दोपहर 3:20 बजे तक चलेंगे। यह व्यवस्था 28 फरवरी तक लागू रहेगी। पंजाब में 19 हजार से अधिक स्कूल हैं, जिन पर ये आदेश लागू होंगे। अगले साल 1 मार्च से स्कूलों के समय में फिर बदलाव किया जाएगा।

मॉर्निंग शिफ्ट सुबह 8 बजे से दोपहर 1:15 बजे तक

डबल शिफ्ट वाले स्कूलों में छठी कक्षा से ऊपर के विद्यार्थियों की मॉर्निंग शिफ्ट सुबह 8 बजे से दोपहर 1:15 बजे तक चलेगी। इसमें स्टाफ का समय सुबह 7:50 बजे से दोपहर 2:10 बजे तक रहेगा। वहीं, पहली से पांचवीं कक्षा की इवनिंग शिफ्ट में विद्यार्थियों का समय दोपहर 12:45 बजे से शाम 5 बजे तक रहेगा। इस शिफ्ट के स्टाफ का समय सुबह 10:50 बजे से शाम 5:10 बजे तक निर्धारित किया गया है।

सेशन में 3 बार बदलता है स्कूलों का समय

पंजाब में शैक्षणिक सत्र के दौरान मौसम के अनुसार स्कूलों के समय में 3 बार बदलाव किया जाता है। 1 अप्रैल से 30 सितंबर तक स्कूल सुबह 8 बजे से दोपहर 2 बजे तक लगते हैं।

इसके बाद 1 अक्टूबर से 31 अक्टूबर तक प्राइमरी स्कूल सुबह 8:30 बजे से दोपहर 2:30 बजे तक चलते हैं। वहीं, मिडिल से सीनियर सेकेंडरी तक के स्कूल सुबह 8:30 बजे से दोपहर 2:50 बजे तक लगते हैं।