जालंधर, रोजाना भास्कर ब्यूरो। कनाडा के एबट्सफोर्ड में पंजाबी गायक एमी विर्क के कार्यक्रम के बाद उनके काफिले पर कथित तौर पर ताबड़तोड़ फायरिंग का मामला सामने आया है। एबट्सफोर्ड पुलिस ने मैक्कलम रोड के 2500-ब्लॉक में गोलीबारी की पुष्टि की है। हालांकि, पुलिस ने अभी यह स्पष्ट नहीं किया कि निशाना कौन था और एमी विर्क उस वाहन में मौजूद थे या नहीं।

पुलिस के मुताबिक, रात करीब 11 बजे के बाद एक गहरे रंग की SUV में सवार लोगों ने दूसरी गाड़ी पर कई गोलियां चलाईं। घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। इसके कुछ ही समय बाद सनीसाइड प्लेस के 2400-ब्लॉक में एक SUV जली हुई मिली। पुलिस जांच कर रही है कि दोनों घटनाओं का आपस में कोई संबंध है या नहीं।
फिलहाल पुलिस फायरिंग, जले हुए वाहन और दोनों घटनाओं के संभावित संबंध की जांच कर रही है।














