बड़ी खबर: मोगा के 23 वर्षीय अर्श कलेर ने कनाडा में रचा इतिहास, 46 स्कूलों की शिक्षा व्यवस्था संभालने की मिली जिम्मेदारी; सर्वसम्मति से बने वाइस चेयरमैन

Punjab Hotmail Bureau, जालंधर। पंजाब के मोगा जिले से संबंध रखने वाले 23 वर्षीय अर्शवीर सिंह उर्फ अर्श कलेर ने कनाडा में अपनी शानदार उपलब्धि से पंजाबी समुदाय का नाम रोशन किया है। उन्हें ब्रिटिश कोलंबिया प्रांत के एबट्सफोर्ड स्कूल डिस्ट्रिक्ट के बोर्ड ऑफ एजुकेशन का सर्वसम्मति से वाइस चेयरमैन चुना गया है। इतनी कम उम्र में कनाडा के शिक्षा प्रशासन में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी हासिल करना उनकी राजनीतिक और सामाजिक यात्रा की बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है।

अर्श कलेर का यह सफर युवाओं के लिए प्रेरणादायक है। अक्टूबर 2025 में महज 22 साल की उम्र में उन्होंने पहली बार स्कूल ट्रस्टी का चुनाव जीतकर एबट्सफोर्ड के इतिहास में सबसे कम उम्र के निर्वाचित जनप्रतिनिधि बनने का गौरव हासिल किया था। इसके बाद 17 अक्टूबर 2026 को हुए स्थानीय चुनाव में उन्होंने दोबारा जीत दर्ज की और सबसे अधिक वोट हासिल किए।

चुनाव के बाद 3 नवंबर को बोर्ड की विशेष बैठक में सभी सात नवनिर्वाचित ट्रस्टियों ने वर्ष 2026 से 2030 तक के चार साल के कार्यकाल के लिए शपथ ग्रहण की। इसी बैठक में रोंडा पॉल्स को बोर्ड चेयरमैन और अर्श कलेर को सर्वसम्मति से वाइस चेयरमैन चुना गया।

46 सरकारी स्कूलों और 20 हजार से अधिक विद्यार्थियों से जुड़ी होगी जिम्मेदारी

अर्श कलेर को मिली इस जिम्मेदारी का महत्व इसलिए भी बड़ा है, क्योंकि एबट्सफोर्ड स्कूल डिस्ट्रिक्ट के अंतर्गत 46 सरकारी स्कूल आते हैं, जिनमें 20 हजार से अधिक विद्यार्थी शिक्षा हासिल कर रहे हैं।

वाइस चेयरमैन के रूप में अर्श शिक्षा व्यवस्था, विद्यार्थियों के भविष्य, स्कूलों के विकास, बजट, शैक्षणिक नीतियों और भविष्य की योजनाओं से जुड़े महत्वपूर्ण फैसलों में अहम भूमिका निभाएंगे। उनकी जिम्मेदारी हजारों विद्यार्थियों और उनके परिवारों से जुड़े शैक्षणिक मुद्दों को बोर्ड के सामने रखने की भी होगी।

मोगा से कनाडा तक का उनका यह सफर पंजाब के युवाओं के लिए एक बड़ी प्रेरणा है। महज 23 वर्ष की उम्र में इतनी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी हासिल कर अर्श कलेर ने साबित किया है कि युवा नेतृत्व भी समाज और शिक्षा व्यवस्था में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।