फिरोजपुर/मोगा, रोजाना भास्कर ब्यूरो। भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए विजिलेंस ब्यूरो ने थाना कोट ईसे खां, जिला मोगा की थाना प्रभारी इंस्पेक्टर सुनीता बावा को कथित तौर पर 50 हजार रुपये रिश्वत लेते गिरफ्तार किया है। इस मामले में विजिलेंस ब्यूरो ने भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत केस दर्ज किया है।

विजिलेंस के मुताबिक, गांव नूरपुरा निवासी राजिंदर सिंह ने शिकायत दी थी कि थाना कोट ईसे खां में दर्ज एक मामले में उसे नामजद करने का डर दिखाकर रिश्वत मांगी जा रही थी।
शिकायतकर्ता के अनुसार, आरोपी ASI गुरवंतकार सिंह ने पहले उससे 1 लाख रुपये की मांग की थी, जिसमें से वह 20 हजार रुपये दे चुका था। बाद में उस पर बाकी रकम देने का दबाव बनाया जा रहा था।
शिकायतकर्ता ने कथित रिश्वत मांगने की बातचीत अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर ली। विजिलेंस ने शिकायत की जांच के बाद ट्रैप लगाकर ASI गुरवंतकार सिंह को गिरफ्तार किया।
पूछताछ के दौरान उसके बयानों के आधार पर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर सुनीता बावा को भी 50 हजार रुपये रिश्वत लेने के आरोप में गिरफ्तार किया गया।














