पौने 2 करोड़ रुपये कैश मिलने के बाद ED की कार्रवाई तेज, 31 बैंक खाते फ्रीज; 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजे गए पूर्व ADC, खनन कारोबारी निपुण महाजन भी आरोपी
जालंधर। रोजाना भास्कर ब्यूरो: 
पठानकोट के 92 एकड़ शामलात जमीन घोटाले और अवैध खनन से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) की कार्रवाई के बाद पूर्व ADC कुलदीप सिंह को जेल भेज दिया गया है। सोमवार को पांच दिन का ED रिमांड समाप्त होने पर एजेंसी ने पूर्व ADC कुलदीप सिंह और खनन कारोबारी निपुण महाजन को जालंधर की विशेष PMLA अदालत में पेश किया। दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद अदालत ने कुलदीप सिंह को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजने का आदेश दिया। कोर्ट में पेशी के दौरान पूर्व ADC के चेहरे पर मुस्कान भी दिखाई दी।
ED की टीम दोनों आरोपियों को कड़ी सुरक्षा के बीच अदालत लेकर पहुंची थी। वहीं, सह-आरोपी निपुण महाजन की आगे की हिरासत को लेकर फिलहाल आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।
11 नवंबर को ED ने किया था गिरफ्तार
ED ने मनी लॉन्ड्रिंग मामले में 11 नवंबर को पूर्व ADC कुलदीप सिंह और कारोबारी निपुण महाजन को गिरफ्तार किया था। इसके बाद 13 नवंबर को अदालत ने दोनों आरोपियों को पूछताछ के लिए 16 नवंबर तक ED रिमांड पर भेजा था। रिमांड अवधि पूरी होने के बाद सोमवार को दोनों को दोबारा अदालत में पेश किया गया।
92 एकड़ शामलात जमीन के अवैध हस्तांतरण का मामला
यह पूरा मामला पठानकोट के गांव भटियान और गोल के पास रावी नदी क्षेत्र में स्थित करीब 92 एकड़ शामलात जमीन के कथित अवैध हस्तांतरण से जुड़ा है। ED के मुताबिक, सरकारी जमीन को कथित तौर पर गलत तरीके से निजी दावेदारों के नाम हस्तांतरित करवाया गया। इसके साथ ही संबंधित क्षेत्र में बड़े पैमाने पर अवैध खनन भी कराया गया।
छापेमारी में मिले थे 1.75 करोड़ रुपये, 31 खाते फ्रीज
इस मामले में ED ने जुलाई महीने में कई ठिकानों पर छापेमारी की थी। इस दौरान खनन कारोबारी निपुण महाजन के ठिकानों से करीब 1.75 करोड़ रुपये की नकदी बरामद की गई थी। जांच के दौरान एजेंसी ने 31 बैंक खातों को भी फ्रीज किया है। इसके बाद से ही दोनों आरोपी ED की जांच के दायरे में थे।
मंत्री की सिफारिश पर ADC पद पर नियुक्ति का आरोप
ED के अनुसार, कुलदीप सिंह 24 फरवरी 2023 से 28 फरवरी 2023 तक पठानकोट में ADC (ग्रामीण विकास) के पद पर तैनात रहे थे। आरोप है कि तत्कालीन खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति तथा वन मंत्री लाल चंद कटारूचक ने 23 फरवरी 2023 को ग्रामीण विकास एवं पंचायत मंत्री को पत्र लिखकर कुलदीप सिंह की इस पद पर नियुक्ति की सिफारिश की थी।
रिटायरमेंट से एक दिन पहले जारी किया था जमीन हस्तांतरण का आदेश
ED की जांच में सामने आया कि शामलात जमीन के हस्तांतरण का आदेश जल्द जारी करवाने के लिए एक बिचौलिए के माध्यम से कुलदीप सिंह तक अनुरोध पहुंचाया गया था। एजेंसी के मुताबिक, कुलदीप सिंह ने स्वीकार किया कि उन्होंने 27 फरवरी 2023 को निजी दावेदारों के पक्ष में जमीन हस्तांतरण का आदेश जारी किया था। गौरतलब है कि यह आदेश उनकी सेवानिवृत्ति से ठीक एक दिन पहले जारी किया गया था।
फिलहाल मामले में ED की जांच जारी है और अदालत के आदेश के बाद पूर्व ADC कुलदीप सिंह को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।












