धुएं से परेशान लोगों ने लगाए गंभीर आरोप, पूर्व विधायक राजिंदर बेरी भी पहुंचे; प्रधान जिम्मी कालिया ने आरोपों को बताया निराधार, कहा- राजनीतिक रंग दिया जा रहा है मामला
जालंधर, रोजाना भास्कर ब्यूरो। जालंधर के हरनाम दास पुरा श्मशान घाट का विवाद लगातार गहराता जा रहा है। श्मशान घाट के निर्माण के लिए राज्यसभा सांसद अशोक मित्तल की ओर से 50 लाख रुपये की ग्रांट जारी होने के बाद शुरू हुआ विवाद अब राजनीतिक रूप ले चुका है।

सोमवार को कांग्रेसी पार्षद बंटी नीलकंठ, पूर्व विधायक राजिंदर बेरी और AAP नेता व श्मशान घाट कमेटी के प्रधान जिम्मी कालिया के बीच तीखी बहस हुई। इस दौरान स्थानीय लोगों ने भी कमेटी प्रधान को बदलने की मांग उठाई।
स्थानीय निवासियों का आरोप है कि श्मशान घाट के निर्माण के लिए फंड मिलने के बावजूद चिमनी नहीं लगाई गई है, जिसके कारण अंतिम संस्कार के दौरान उठने वाला धुआं आसपास के घरों में जाता है और लोगों को परेशानी होती है। लोगों ने कमेटी प्रधान और सदस्यों पर अपने घरों का निर्माण करवाने के आरोप भी लगाए।
वहीं, प्रधान जिम्मी शेखर कालिया ने सभी आरोपों को निराधार बताते हुए कहा कि उनके पास पूरे काम का रिकॉर्ड मौजूद है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेसी पार्षद इस मामले को राजनीतिक रंग देने की कोशिश कर रहे हैं।












