जालंधर, रोजाना भास्कर ब्यूरो: जालंधर में पुरानी पेंशन योजना (OPS) बहाल करने की मांग को लेकर एनपीएस कर्मचारियों ने पंजाब सरकार के खिलाफ अनोखे अंदाज में प्रदर्शन किया। सीपीएफ कर्मचारी यूनियन, पुरानी पेंशन बहाली संघर्ष समिति और पुरानी पेंशन प्राप्ति मोर्चा के नेतृत्व में जिला मुख्यालय के सामने कर्मचारियों ने “भैंस के आगे बीन” बजाकर सरकार को जगाने की प्रतीकात्मक कोशिश की।

प्रदर्शनकारियों का कहना था कि सरकार उनकी मांगों को लगातार नजरअंदाज कर रही है। कर्मचारियों ने आरोप लगाया कि कई बार बैठकों का समय देने के बावजूद सरकार अंतिम समय पर बैठकें रद्द कर देती है।
नेताओं ने कहा कि 18 नवंबर 2022 को पंजाब सरकार ने पुरानी पेंशन बहाली का नोटिफिकेशन जारी किया था, लेकिन चार साल बीत जाने के बाद भी इसे लागू नहीं किया गया।
यूनियन नेताओं ने डीए बकाया, ग्रामीण भत्ता और एसीपी स्कीम जैसे लंबित मुद्दों को लेकर भी सरकार को घेरा। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि सरकार आर्थिक संकट का हवाला दे रही है तो करोड़ों रुपये विज्ञापनों पर क्यों खर्च किए जा रहे हैं। कर्मचारियों ने चेतावनी दी कि मांगें पूरी न होने पर संघर्ष और तेज किया जाएगा।














