जालंधर/चंडीगढ़, रोजाना भास्कर ब्यूरो: भाजपा हाईकमान ने पंजाब भाजपा में बड़ा संगठनात्मक बदलाव करते हुए केवल सिंह ढिल्लों को नया प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया है। इसके साथ ही सुनील जाखड़ का कार्यकाल समाप्त हो गया।

अध्यक्ष बनने के बाद ढिल्लों ने साफ कहा कि उनका पूरा फोकस अब 2027 विधानसभा चुनाव पर रहेगा और पंजाब में भाजपा को मजबूत करने के लिए सभी वर्गों को साथ लेकर चला जाएगा।

केवल सिंह ढिल्लों ने कहा कि जो लोग भाजपा को पंजाब में कमजोर मान रहे हैं, वे 2027 के चुनाव नतीजे देखकर हैरान रह जाएंगे। उन्होंने संगठन को जमीनी स्तर तक मजबूत करने और कार्यकर्ताओं को साथ लेकर आगे बढ़ने की बात कही।
बरनाला निवासी केवल सिंह ढिल्लों कांग्रेस में लंबे समय तक वरिष्ठ नेता रह चुके हैं। वे 2007 और 2012 में बरनाला से विधायक बने और पंजाब कांग्रेस के सीनियर वाइस प्रेसिडेंट भी रहे।
उन्हें पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह का करीबी माना जाता है। जून 2022 में उन्होंने कांग्रेस छोड़ भाजपा जॉइन की थी और संगरूर लोकसभा उपचुनाव भाजपा टिकट पर लड़ा था।
पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने भी भावुक संदेश जारी करते हुए कहा कि पंजाब भाजपा की सेवा करना उनके लिए गर्व की बात रही है।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, अमित शाह और पार्टी नेतृत्व का आभार जताते हुए केवल सिंह ढिल्लों को नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं।














