मेयर वनीत धीर ने पत्नी श्वेता धीर सहित डेरा ब्यास प्रमुख बाबा गुरिंदर सिंह ढिल्लों जी से लिया आशीर्वाद

बाबा जी से मुलाकात को बताया यादगार अनुभव, बोले- डेरा ब्यास प्रेम, शांति और मानवता की सेवा का देता है संदेश

जालंधर, रोज़ाना भास्कर (हरीश शर्मा)। जालंधर के मेयर एवं आम आदमी पार्टी के नॉर्थ हलका इंचार्ज वनीत धीर ने अपनी पत्नी एवं पूर्व पार्षद श्वेता धीर के साथ डेरा ब्यास पहुंचकर आध्यात्मिक प्रमुख परम पूजनीय बाबा गुरिंदर सिंह ढिल्लों जी से मुलाकात की और उनका आशीर्वाद प्राप्त किया।

इस मुलाकात को यादगार बताते हुए वनीत धीर ने कहा कि बाबा जी से आशीर्वाद प्राप्त करना उनके और उनकी पत्नी के लिए बेहद सुखद एवं आध्यात्मिक अनुभव रहा। उन्होंने कहा कि बाबा जी का सानिध्य व्यक्ति को जीवन में सकारात्मक सोच अपनाने, विनम्रता बनाए रखने और अच्छे कर्मों के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है।

वनीत धीर ने कहा कि डेरा ब्यास हमेशा से प्रेम, शांति, सद्भाव और निःस्वार्थ सेवा की भावना का संदेश देता आया है। यहां की आध्यात्मिक परंपरा इंसान को जाति, धर्म और सामाजिक भेदभाव से ऊपर उठकर मानवता की सेवा करने की सीख देती है।

उन्होंने कहा कि जीवन में आध्यात्मिक मूल्यों का विशेष महत्व है। प्रेम, सादगी, विनम्रता और भाईचारे जैसे गुण समाज को एकजुट करने में अहम भूमिका निभाते हैं। उनके अनुसार जनसेवा का वास्तविक अर्थ केवल किसी पद पर रहकर काम करना नहीं, बल्कि जरूरतमंदों की सहायता करना और बिना किसी भेदभाव के प्रत्येक व्यक्ति के हित में कार्य करना है।

इस अवसर पर वनीत धीर और श्वेता धीर ने बाबा जी के प्रति अपनी श्रद्धा एवं सम्मान व्यक्त किया। वनीत धीर ने बाबा जी का आभार जताते हुए सभी के जीवन में सुख-शांति, समृद्धि, अच्छे स्वास्थ्य और खुशहाली की कामना की।