कहा, सूबे को फिर से रंगला पंजाब बनाने के लिए नशों के खिलाफ पूरी दृढ़ता से लड़ी जा रही है लड़ाई
‘युद्ध नशे के विरुद्ध’ के तहत समीक्षा बैठक, नशे के खात्मे के लिए किए प्रयासों की समीक्षा
जालंधर, रोजाना भास्कर ब्यूरो: पंजाब के बागवानी, स्वतंत्रता सेनानी और रक्षा सेवाएं भलाई मंत्री मोहिंदर भगत ने आज कहा कि सूबे को फिर से रंगला पंजाब बनाने के लिए मुख्यमंत्री श्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में नशे के खिलाफ जंग पूरी दृढ़ता के साथ जारी है।

पंजाब सरकार की नशा विरोधी पहल ‘युद्ध नशे के विरुद्ध’ के तहत एक समीक्षा बैठक के दौरान संबोधन करते हुए कैबिनेट मंत्री ने कहा कि पंजाब सरकार द्वारा नशे के खिलाफ शुरू की गई मुहिम लोक लहर बन चुकी है, जिसमें प्रत्येक वर्ग के लोग पूरा सहयोग दे रहे है।

इस मौके पर पुलिस कमिश्नर सतिंदर सिंह, एस.एस.पी. जालंधर (देहाती) हरविंदर सिंह विरक, अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर (जनरल) अमनिंदर कौर, ‘आप’ नेता नितिन कोहली व राजविंदर कौर थियाड़ा और अन्य शख्सियतें मौजूद थी।
श्री भगत ने कहा कि सूबे में नशे का पूर्ण खात्मा पंजाब सरकार की पहली प्राथमिकता है, जिसके लिए सरकार ने नशे के खिलाफ जंग छेड़ी हुई है।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने नशे के खिलाफ बड़े स्तर पर कार्रवाई करते हुए जहां नशा तस्करों को जेल की सलाखों के पीछे भेजा, वहीं नशे की दलदल में फंसे व्यक्तियों के पुनर्वास के लिए ठोस उपाय किए है।
इसके अलावा युवाओं को नशों से दूर रखने के लिए उन्हें खेलों, शिक्षा, रोजगार और अन्य रचनात्मक गतिविधियों से जोड़ने के लिए गंभीर प्रयास किए जा रहे है।
नशा विरोधी मुहिम में विलेज डिफेंस कमेटियों और वार्ड डिफेंस कमेटियों द्वारा निभाई जा रही भूमिका की सराहना करते हुए कैबिनेट मंत्री ने कहा कि डिफेंस कमेटी के सदस्य निर्भय होकर नशों के खात्मे के लिए प्रयास कर रहे हैं।
उन्होंने कमेटी सदस्यों को नशों के खिलाफ और मजबूती से लड़ने का आह्वान किया।
बैठक के दौरान प्रशासन और जिला पुलिस के अधिकारियों, जिला कोऑर्डिनेटरों और ब्लॉक कोऑर्डिनेटरों के साथ नशों के खात्मे के लिए किए गए प्रयासों की समीक्षा की गई।
‘आप’ नेता नितिन कोहली ने संबोधन करते हुए कहा कि पंजाब सरकार द्वारा नशों के खिलाफ निर्णायक लड़ाई लड़ी जा रही है, जिसके सार्थक नतीजे सामने आ रहे है।
पुलिस कमिश्नर सतिंदर सिंह और एस.एस.पी. जालंधर देहाती द्वारा नशों के खिलाफ जिला पुलिस द्वारा चलाई जा रही कार्रवाई के विवरण साझा किए गए।
अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर (जनरल) अमनिंदर कौर ने कहा कि जिला प्रशासन द्वारा नशों की रोकथाम और युवाओं को नशों से दूर रखने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं।
उपरोक्त के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए कैबिनेट मंत्री मोहिंदर भगत ने कहा कि पंजाब का इतिहास रहा है कि पंजाब ने हर चुनौती का डटकर मुकाबला किया है और जीत हासिल की है।
इसी तरह पंजाब नशों रूपी विपदा को भी जड़ से खत्म करके विकास और तरक्की की नई ऊंचाइयों को छुएगा।
इससे पहले नशा मुक्ति मोर्चा के दोआबा इंचार्ज अतिन अग्निहोत्री ने मुख्य मेहमान और अन्य का स्वागत किया।
इस मौके पर एस.डी.एम. शुभी आंगरा, लाल विश्वास बैंस, आदित्य गुप्ता, दीपक भाटिया और सिमरजीत सिंह, ई.ओ. जे.डी.ए. नवदीप सिंह, सिविल सर्जन डा. राजेश गर्ग के अलावा जिला कोऑर्डिनेटर जालंधर (शहरी) शैंकी भगत, जिला कोऑर्डिनेटर जालंधर (देहाती) अजय भील और ब्लॉक कोऑर्डिनेटर मौजूद थे।














