जालंधर/फिरोजपुर, रोजाना भास्कर ब्यूरो। फिरोजपुर डिवीजन के बुटारी स्टेशन पर इलेक्ट्रॉनिक इंटरलॉकिंग सिस्टम लगाने के लिए चल रहे ब्लॉक कार्य के चलते रेलवे ने कई ट्रेनों में बड़ा बदलाव किया है। 16 मई 2026 को जालंधर सिटी-अमृतसर, अमृतसर-कादियां, कादियां-अमृतसर, तरनतारन-ब्यास और ब्यास-तरनतारन पैसेंजर ट्रेनें पूरी तरह रद्द रहेंगी। इसके अलावा लुधियाना-छेहरटा ट्रेन को हमीरा स्टेशन पर शॉर्ट टर्मिनेट किया जाएगा, जबकि वापसी ट्रेन वहीं से शुरू होगी।

रेलवे ने चंडीगढ़-अमृतसर, कटिहार-अमृतसर, नई दिल्ली-अमृतसर और छपरा-अमृतसर समेत कई ट्रेनों का रूट ब्यास-तरनतारन-अमृतसर के रास्ते डायवर्ट किया है।
वहीं अमृतसर-जयनगर, अमृतसर-नंगल डैम और नई दिल्ली-अमृतसर जैसी ट्रेनों को 15 से 55 मिनट तक रेगुलेट और री-शेड्यूल भी किया गया है, जिससे यात्रियों को देरी का सामना करना पड़ सकता है।
इसके अलावा 23 मई को फिरोजपुर डिवीजन में 8 घंटे के ट्रैफिक और OHE ब्लॉक के कारण होशियारपुर-जालंधर सिटी और जालंधर सिटी-होशियारपुर ट्रेनें भी रद्द रहेंगी। रेलवे ने यात्रियों को यात्रा से पहले ट्रेन की स्थिति जांचने की सलाह दी है।














