गुरदासपुर/चंडीगढ़, रोजाना भास्कर ब्यूरो: गुरदासपुर में तैनात PCS अधिकारी और SDM डॉ. अनुप्रीत कौर रंधावा को शनिवार सुबह उनके सरकारी आवास से गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तारी राजस्थान-जम्मू कश्मीर नेशनल हाईवे-54 के लिए जमीन अधिग्रहण के दौरान हुए कथित ₹1.63 करोड़ के गबन मामले में की गई है। पट्टी पुलिस सुबह करीब 7 बजे सरकारी कोठी पहुंची और कार्रवाई को अंजाम दिया।

जांच में सामने आया कि 2018-19 के दौरान भूमि अधिग्रहण मुआवजे की करोड़ों रुपये की राशि ऐसे 5 लोगों के खातों में ट्रांसफर की गई, जिनकी जमीन अधिग्रहित ही नहीं हुई थी।
माल विभाग रिकॉर्ड और केंद्र सरकार के नोटिफिकेशन में इन लोगों के नाम शामिल नहीं पाए गए। आरोप है कि तत्कालीन SDM डॉ. अनुप्रीत कौर रंधावा के हस्ताक्षरों के बाद ही यह भुगतान जारी किया गया।
इस मामले की शिकायत तत्कालीन SDM नवराज सिंह बराड़ ने की थी, जिसके बाद FIR दर्ज हुई और जांच कमेटी बनाई गई। रिपोर्ट के आधार पर पंजाब सरकार ने पहले उन्हें सस्पेंड किया था।
अब पुलिस ने गिरफ्तार कर मामले की आगे जांच शुरू कर दी है। प्रशासनिक और राजनीतिक हलकों में इस कार्रवाई के बाद हड़कंप मच गया है।














