लक्की ठाकुर हत्याकांड: शिवसेना नेता थापर सहित 3 गिरफ्तार: फतेहगढ़ साहिब के पास ढाबे से पकड़े गए आरोपी, हाथ की उंगलियां काटकर ले गए थे हमलावर

गुरुद्वारे माथा टेकने जाते समय तेजधार हथियारों से किया था हमला; शिवसेना नेता के बेटे राम कृष्ण पर हत्या का आरोप, पुलिस आरोपियों से कर रही पूछताछ

जालंधर, रोजाना भास्कर ब्यूरो। जालंधर में प्रॉपर्टी कारोबारी लक्की ठाकुर की हत्या के मामले में पुलिस ने बुधवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए शिवसेना नेता नरिंदर थापर सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने नरिंदर थापर, दीपक राणा और गुड़िया को फतेहगढ़ साहिब के पास एक ढाबे से पकड़ा है। फिलहाल तीनों से पूछताछ की जा रही है।

गौरतलब है कि मंगलवार रात करीब 8:30 बजे लक्की ठाकुर पर उस समय तेजधार हथियारों से हमला किया गया था, जब वह गुरुद्वारा साहिब में माथा टेकने जा रहे थे। हमले में उनकी हत्या कर दी गई थी। परिजनों का आरोप है कि हमलावर उनके हाथ की उंगलियां काटकर अपने साथ ले गए थे।

शिवसेना नेता के बेटे पर हत्या का आरोप

मृतक के भाई मनमोहन ने आरोप लगाया था कि शिवसेना नेता नरिंदर थापर के बेटे राम कृष्ण ने 20-25 साथियों के साथ मिलकर लक्की पर हमला किया। मनमोहन के मुताबिक, लक्की खाना खाने के बाद गली में स्थित गुरुद्वारा साहिब जा रहे थे, तभी पीछे से आए हमलावरों ने उन पर तेजधार हथियारों से हमला कर दिया।

परिजनों का कहना है कि हमले की सूचना मिलने पर वे मौके पर पहुंचे और लक्की को सिविल अस्पताल लेकर गए, लेकिन उनकी जान नहीं बच सकी।

बेटे को चिट्टा पिलाने की शिकायत के बाद चल रहा था विवाद

लक्की के भाई मनमोहन ने आरोप लगाया कि लक्की के छोटे बेटे को नशे की लत लगाने को लेकर नरिंदर थापर और उसके परिवार के साथ विवाद चल रहा था। इस संबंध में लक्की ने थाना-4 में शिकायत भी दी थी। परिजनों के मुताबिक, पिछले 6-7 महीनों से दोनों परिवारों के बीच तनाव था और उन्हें धमकियां भी मिल रही थीं। इस मामले से जुड़ा केस अदालत में विचाराधीन बताया जा रहा है।

आरोपियों को कोर्ट में पेश कर रिमांड लेगी पुलिस

हत्या की सूचना मिलने के बाद एसीपी सेंट्रल ओंकार सिंह बराड़ पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे थे। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और आरोपियों की तलाश शुरू की थी। अब तीन आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद पुलिस उनसे पूछताछ कर रही है। जल्द ही उन्हें अदालत में पेश कर रिमांड हासिल किया जाएगा।

लक्की भी रह चुका था शिवसेना से जुड़ा

जानकारी के मुताबिक, मृतक लक्की ठाकुर भी पहले नरिंदर थापर के साथ शिवसेना से जुड़ा रहा था। उसके राजनीतिक संपर्क भी बताए जा रहे हैं। वहीं, उसके खिलाफ भी कई आपराधिक मामले दर्ज होने की जानकारी सामने आई है। बताया जाता है कि वह एक मामले में 10 साल की सजा काट चुका था।

पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर वारदात में अन्य लोगों की भूमिका और हत्या के पीछे के कारणों की जांच कर रही है।