वर्ल्ड डेस्क, रोजाना भास्कर ब्यूरो। वेनेजुएला में आए शक्तिशाली भूकंप के झटकों से कई इलाकों में दहशत का माहौल बन गया। राजधानी काराकास सहित विभिन्न क्षेत्रों में इमारतों को नुकसान पहुंचने और लोगों के घरों से बाहर निकलने की खबरें सामने आई हैं। प्रशासन ने प्रभावित इलाकों में राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया है।

अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (USGS) के अनुसार, क्षेत्र में 7.1 और 7.5 तीव्रता के दो शक्तिशाली भूकंप दर्ज किए गए। भूकंप के झटके कई राज्यों में महसूस किए गए, जिसके बाद लोगों को एहतियात के तौर पर खुले स्थानों पर रहने की सलाह दी गई है। अधिकारियों ने आफ्टरशॉक्स की आशंका भी जताई है।
वेनेजुएला के गृह मंत्री डियोसदादो काबेलो ने बताया कि कुछ इलाकों में इमारतों और घरों को नुकसान पहुंचा है तथा प्रशासन हालात पर लगातार नजर बनाए हुए है। उन्होंने नागरिकों से शांत रहने, आपातकालीन सेवाओं को सहयोग देने और बच्चों व बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखने की अपील की।
भूकंप के बाद अमेरिकी प्रशांत सुनामी चेतावनी केंद्र ने प्यूर्टो रिको और वर्जिन द्वीप समूह के लिए सुनामी अलर्ट जारी किया है। प्रभावित क्षेत्रों में राहत और बचाव दल तैनात कर दिए गए हैं, जबकि नुकसान का आकलन जारी है।














