शराब पिलाकर दोस्त की बेरहमी से हत्या, शव कूड़े के डंप में दफन: मोबाइल-बाइक नहर में फेंकी, CCTV से खुला राज

जालंधर, रोजाना  भास्कर ब्यूरो। शहर में दोस्ती को शर्मसार कर देने वाला सनसनीखेज मामला सामने आया है। 31 वर्षीय गुरप्रीत सिंह उर्फ नोनी की उसके ही दोस्त ने कथित तौर पर हत्या कर शव को कूड़े के डंप में दफना दिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर बुलडोजर (JCB) की मदद से शव बरामद कर लिया है।

मृतक गुरप्रीत 22 जून से लापता था। परिवार ने 23 जून को गुमशुदगी की शिकायत दर्ज करवाई थी। जांच के दौरान पुलिस ने कई CCTV फुटेज खंगाले, जिनमें गुरप्रीत को कूड़े के डंप के अंदर जाते हुए देखा गया, लेकिन वह बाहर नहीं निकला। इसी सुराग के आधार पर पुलिस ने उसके दोस्त रवि से पूछताछ की, जिसने हत्या की बात कबूल कर ली।

पूछताछ में सामने आया कि घटना वाली रात दोनों ने साथ बैठकर शराब पी थी। इसी दौरान किसी बात को लेकर विवाद हुआ और रवि ने गुरप्रीत की हत्या कर दी। पुलिस को गुमराह करने के लिए आरोपी ने मृतक का मोबाइल फोन और बाइक नहर में फेंक दी।

गुरप्रीत अविवाहित था और अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। वह पार्ट-टाइम DJ का काम करता था। परिजनों का आरोप है कि इस वारदात में रवि के साथ अन्य लोग भी शामिल हो सकते हैं और मामले की गहन जांच की जानी चाहिए। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच में जुटी है।